सर्जिकल स्ट्राइक में POK में तबाही मचाने वाले हथियार का एडवांस वर्जन आया भारत, हिन्दुस्तान का अगला प्लान क्या?!
punjabkesari.in Tuesday, Apr 29, 2025 - 10:38 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय सेना की ताकत में और इजाफा हुआ है। स्वीडन से भारत को वह घातक हथियार मिला है, जिसने साल 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में आतंकियों के अड्डों को तबाह कर दिया था। स्वीडन की रक्षा कंपनी साब (SAAB) ने भारत को आधिकारिक रूप से AT-4 रॉकेट लॉन्चर की डिलीवरी शुरू कर दी है। कंपनी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि भारतीय सेना को एटी-4 एंटी-आर्मर हथियार प्रणाली सौंप दी गई है और हमें इस डिलीवरी पर गर्व है। AT-4 एक हल्का, कंधे पर रखकर चलाया जाने वाला रॉकेट लॉन्चर है जो दुश्मन के बंकरों और चौकियों को मिनटों में नेस्तनाबूद कर सकता है। अब इस रॉकेट लॉन्चर का एडवांस वर्जन AT-4 भारतीय सेना को मिल चुका है, जिससे दुश्मनों के बंकर और चौकियों को और भी ज्यादा सटीकता से निशाना बनाया जा सकेगा। जानिए कैसे इस नए हथियार से भारत ने अपनी सैन्य रणनीति को और मजबूत कर लिया है और क्या है पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अगला प्लान।
कार्ल-गुस्टाफ से हल्का और घातक है AT-4
AT-4 रॉकेट लॉन्चर का वजन कार्ल-गुस्टाफ लॉन्चर से काफी कम है। इसलिए सैनिक इसे आसानी से कंधे पर रखकर दुश्मन की पोजीशन तक ले जा सकते हैं और हमला कर सकते हैं। AT-4 को शॉर्ट रेंज कॉम्बैट के लिए बनाया गया है और इसे सीमित जगहों, इमारतों और बंकरों में भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
2016 सर्जिकल स्ट्राइक में निभाई थी बड़ी भूमिका
साल 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान भारतीय सेना के पैरा-एसएफ कमांडो ने कार्ल-गुस्टाफ रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में आतंकी लॉन्च पैड्स और पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया था। सैनिकों ने कंधे पर कार्ल-गुस्टाफ रखकर पीओके में प्रवेश किया था और दुश्मन के प्लान को पूरी तरह नाकाम किया था।
सीमित जगहों के लिए खास डिजाइन
साब कंपनी ने बताया कि भारतीय सेना ने AT-4 के जिस वेरिएंट को खरीदा है, वह विशेष रूप से सीमित स्थानों पर ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है। इसका प्रयोग इमारतों, बंकरों और शहरी क्षेत्रों में बेहद असरदार है। इससे भारतीय सेना को सीमाओं पर तैनाती के दौरान ऑपरेशन करने में काफी सुविधा मिलेगी।
पाकिस्तान को भी मिल रही है मदद
भारत की सैन्य तैयारियों के बीच पाकिस्तान भी पीछे नहीं है। खबरों के मुताबिक तुर्किए (Turkey) ने पाकिस्तान को हथियारों की एक बड़ी खेप भेजी है। ओपन सोर्स इंटेलिजेंस के अनुसार, तुर्किए का C-130 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सोमवार को पाकिस्तान पहुंचा। बताया जा रहा है कि छह C-130 कार्गो विमान इस्लामाबाद के एक सैन्य बेस पर उतरे, जिनमें गोला-बारूद भरा हुआ था। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में सीमा पर तनाव और बढ़ सकता है।
भारतीय सेना का बढ़ा भरोसा
साब कंपनी ने अपने बयान में कहा कि भारतीय सशस्त्र बल पहले से ही हमारे कार्ल-गुस्टाफ सिस्टम का लंबे समय से उपयोग कर रहे हैं। अब AT-4 के साथ भारतीय सेना का हम पर विश्वास और गहरा हो गया है। यह भारत के लिए एक और बड़ी सैन्य उपलब्धि मानी जा रही है।
क्या है पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अगला प्लान?
भारत ने AT-4 जैसे एडवांस एंटी-आर्मर हथियार को अपने शस्त्रागार में शामिल कर एक साफ संदेश दे दिया है—अब अगर पाकिस्तान की ओर से आतंकियों की घुसपैठ या सीमा पर उकसावे वाली कोई हरकत होती है, तो जवाब पहले से ज्यादा तेज़ और सटीक होगा। भारत का अगला प्लान दो स्तरों पर नजर आता है:
-
सीमा पर घुसपैठ की हर कोशिश को तुरंत जवाब देना: भारतीय सेना अब हल्के और कंधे पर दागे जा सकने वाले रॉकेट लॉन्चर्स जैसे AT-4 के जरिए सीमावर्ती बंकरों और आतंकी लॉन्च पैड्स को जल्दी टारगेट कर सकती है। इससे कार्रवाई की गति बढ़ेगी।
-
‘सर्जिकल स्ट्राइक 2.0’ की तैयारी?: विशेषज्ञ मानते हैं कि जिस तरह से भारत सटीक और हल्के हथियारों से अपनी सेना को लैस कर रहा है, वह इस ओर इशारा करता है कि भविष्य में किसी भी आतंकी हमले के जवाब में भारत फिर से सीमापार ऑपरेशन करने से पीछे नहीं हटेगा।
-
मल्टी-फ्रंट डिफेंस तैयारियां: पाकिस्तान के साथ-साथ चीन से भी खतरे को ध्यान में रखते हुए भारत अपनी तीनों सेनाओं को ऐसे हथियार दे रहा है, जो सीमित स्थानों और शहरी युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी बेहद प्रभावी हों। AT-4 को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
-
साइकोलॉजिकल वारफेयर: पाकिस्तान को यह दिखाना भी इस डील का उद्देश्य है कि भारत न सिर्फ जवाब देने को तैयार है, बल्कि पहले से ज्यादा ताकतवर और आधुनिक हथियारों से लैस होकर तैयार है।