आज भारत लौट रहे हैं राहुल गांधी...BJP ने पूछा- विदेश में क्यों बिताते हो इतना समय?
punjabkesari.in Tuesday, Jun 20, 2023 - 04:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी अमेरिका यात्रा से मंगलवार देर शाम को भारत लौट रहे हैं। राहुल गांधी पिछले महीने के आखिर में अमेरिका की यात्रा पर गए थे। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने भारतीय प्रवासियों, उद्यमियों, पूंजीपतियों, टेक्नोलॉजी और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र के टॉप लीडरों और छात्रों के साथ बातचीत की थी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक अमेरिका पहुंचने के लगभग 21 दिन बाद राहुल गांधी मंगलवार देर शाम भारत लौटने वाले हैै।
वहीं राहुल गांधी के भारत लौटने की खबरें आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस नेता की रहस्यमयी विदेश यात्राओं के लिए उन पर निशाना साधा। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट किया कि ‘राहुल गांधी विदेश में इतना समय क्यों बिताते हैं, खासकर उनकी यात्राओं का एक बड़ा हिस्सा रहस्य में डूबा हुआ है?’ उन्होंने कहा कि ‘विदेशी एजेंसियों और भारत के विरोधी समूहों के साथ उनकी गुप्त बैठकों की कई रिपोर्टें इन यात्राओं के उद्देश्य पर और सवाल उठाती हैं।
23 जून को पटना में विपक्ष की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले विपक्ष को एकजुट करने के अपने प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल होने के लिए तैयार हैं। वहीं इस बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री बीजू पटनायक और तेलंगाना के सीएम चंद्रशेखर राव को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख विपक्षी नेताओं के हिस्सा लेने की संभावना है।