प्रियंका गांधी हिमाचल दौरे में कहा कांग्रेस सत्ता में आते ही हर साल एक लाख नौकरी देंगी
punjabkesari.in Monday, Oct 31, 2022 - 07:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कांग्रेस की स्टार प्रचारक एवं महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में जिस दिन कांग्रेस की सरकार बनेगी उसकी पहली कैबिनेट बैठक में एक लाख युवाओं को रोजगार देने का फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो कह रही है वह करके दिखाएगी। श्रीमती वाड्रा ने सोमवार को मंडी के पड्डल ग्राउड में जनसभा को संबोधित करते हुए ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर हर साल एक लाख और पांच साल में पांच लाख नौकरियां देंगी। इससे पहले रैली में पहुंचने से पहले उन्होंने बाबा भूतनाथ मंदिर में माथा टेका।
उसके बाद उन्होंने कहा,‘‘ आपने हर पांच साल बाद सरकार बदलने की जो परंपरा बनाई है, उसे मत बदलना। यह अच्छी परंपरा है। इससे नेताओं का दिमाग ठीक रहता है। हिमाचल संस्कृति और परंपराओं का प्रदेश है। '' श्रीमती वाड्रा ने आरोप लगाया कि गुजरात से हिमाचल प्रदेश तक जनता भाजपा की नाकाम नीतियों से परेशान है। भाजपा की अगुवाई वाली सरकारों की नीतियां केवल उनके उद्योगपति मित्रों के लिए हैं। किसानों को उनकी फसलों की कीमतें तय करने का अधिकार नहीं है। यह उद्योगपतियों द्वारा तय किये जा रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में जनता को जागरुक होना पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश में यह राजनीति पिछले पांच वर्षों से जारी है।
क्या आप इनको पांच साल और देंगे। क्या भाजपा ने आपसे किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के काम भी गिनाते हुये कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री मंडी जिले से हैं लेकिन उन्होंने यहां कुछ नहीं बनाया, बल्कि सिफर् स्वार्थ की राजनीति की है। छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया गया था, वह सरकार बनने के पहले ही दिन पूरा किया गया। हिमाचल प्रदेश में सरकारी विभागों में 63 हजार पद खाली हैं। इन्हें भरा नहीं जा रहा है, इसके ऊपर सरकार ने सेना भर्ती की अग्निवीर योजना लाकर नौजवानों से धोखा किया। दूध, दही, आटा, सरसों तेल और सेब बागवानों की पैकिंग सामग्री पर टैक्स लगाया।
उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों का परिचय करवाया और कहा कि इंदिरा का हिमाचल प्रदेश से प्रेम और स्नेह था। गांव-गांव में उनकी दादी की बातें होती हैं। उनके गुजरने के बाद देश की राजनीति बदल गई। आज पैसे और मीडिया का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का जब गठन हो रहा था तो कई लोगों ने विरोध किया। कई कहते रहे पहाड़ी प्रदेश नहीं चलेगा। श्रीमती इंदिरा गांधी और यशवंत सिंह परमार ने हिमाचल प्रदेश बनाया। यहां समर्पण की परंपरा है। हिमाचल के लोगों में खुद्दारी है, परंपरा बनाई है, उसे नहीं बदल सकते। जो पांच साल वाली सरकार बदलने की परंपरा बनाई है वह बड़ी अच्छी है। नेताओं को अपनी सच्चाई का पता चलता है। इससे पहले श्रीमती वाड्रा ने श्रीमती इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल को मंच पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद गुजरात मोरबी में हादसे पर दुख जताया और मृतकों की आत्मा की शांत के लिए मंच पर ही मौन रख कर श्रद्धाजंलि दी।