प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा पर लगी रोक, जानिए भक्त होली तक क्यों नहीं कर सकेंगे

punjabkesari.in Sunday, Mar 09, 2025 - 04:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में स्थित वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। श्री हित राधा केलि कुंज संस्था ने ऐलान किया है कि 10 मार्च से 14 मार्च तक उनकी पदयात्रा नहीं निकलेगी। इसका मुख्य कारण होली के दौरान वृंदावन में उमड़ने वाली भारी भीड़ और प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को ध्यान में रखना है। प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन रात 2 बजे पदयात्रा पर निकलते हैं, जिसमें उनके भक्त बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। होली के दौरान वृंदावन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिससे यहां अत्यधिक भीड़ हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था ने 10 से 14 मार्च तक पदयात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया है।

श्रद्धालुओं से की गई खास अपील
श्री हित राधा केलि कुंज संस्था की ओर से श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे 10 से 14 मार्च के बीच प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन न आएं। संस्था की ओर से जारी सूचना में कहा गया है, "होली के पावन पर्व एवं पूज्य महाराज जी के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 10 मार्च से 14 मार्च 2025 तक रात्रि 2:00 बजे से पदयात्रा नहीं निकाली जाएगी। कृपया इन दिनों में दर्शन के लिए आने से बचें।"

वृंदावन में होली की भव्यता
वृंदावन की होली दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां बरसाने की लठमार होली, गुलाल और फूलों की होली देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। इस दौरान वृंदावन और मथुरा में भारी भीड़ रहती है, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बन जाता है।

भक्तों में मायूसी, लेकिन संत के स्वास्थ्य को प्राथमिकता
प्रेमानंद महाराज के भक्त इस निर्णय से निराश हैं, क्योंकि वे रोज़ उनकी झलक पाने के लिए दूर-दूर से वृंदावन आते हैं। हालांकि, भक्त भी इस फैसले को स्वीकार कर रहे हैं क्योंकि महाराज जी के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।

क्या करें भक्त?
जो भक्त प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने की योजना बना रहे थे, वे अब 14 मार्च के बाद वृंदावन आ सकते हैं। 15 मार्च से उनकी पदयात्रा फिर से शुरू होने की संभावना है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News