लोकसभा चुनाव में राजनीतिक परिवारों को बड़ा फायदा

punjabkesari.in Wednesday, Jun 05, 2024 - 02:32 AM (IST)

नई दिल्लीः कई सदस्यों वाले राजनीतिक परिवार 2024 के लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनमें से अधिकतर या तो जीत रहे हैं या अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। इनमें से सबसे प्रमुख दो पूर्व मुख्यमंत्रियों और एक पूर्व प्रधानमंत्री के परिवारों के सदस्य हैं - बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव तथा पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) प्रमुख एच डी देवेगौड़ा। लालू की दोनों बेटियां मीसा भारती और रोहिणी आचार्य क्रमश: पाटलिपुत्र और सारण से चुनाव मैदान में हैं। 

निर्वाचन आयोग के नवीनतम रुझानों के अनुसार, भारती ने पाटलिपुत्र से भाजपा के रामकृपाल यादव के खिलाफ लगभग 56,000 मतों का आसान अंतर हासिल कर लिया है। सारण में आचार्य भाजपा के राजीव प्रताप रूडी से 12,000 से अधिक मतों से पीछे हैं। उत्तर प्रदेश में, यादव परिवार के पांच सदस्यों ने चुनाव लड़ा और उनमें से चार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से अच्छे अंतर से आगे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव कन्नौज में भाजपा के सुब्रत पाठक से 1.7 लाख मतों से आगे हैं। अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव ने मैनपुरी में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के जयवीर सिंह के खिलाफ 2.2 लाख का आसान जीत अंतर हासिल कर लिया है। 

सपा प्रमुख के तीन चचेरे भाई अक्षय यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव भी चुनाव मैदान में हैं। एच डी देवगौड़ा के परिवार के दो सदस्यों ने चुनाव में जीत दर्ज की है, जबकि उनके पोते प्रज्वल रेवन्ना हासन संसदीय क्षेत्र से हार गए हैं। जद (एस) प्रमुख के बेटे एचडी कुमारस्वामी ने मांड्या सीट पर कांग्रेस के वेंकटरमणे गौड़ा को 2.8 लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया और गौड़ा के दामाद तथा भाजपा उम्मीदवार मंजूनाथ ने बेंगलुरु ग्रामीण सीट पर कांग्रेस के डीके सुरेश को 2.6 लाख से अधिक मतों से हराया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News