नए PMO के सामने हादसा! तेज रफ्तार में सेना गाड़ी से टकराई इनोवा – हाई सिक्योरिटी जोन में चीख-पुकार मची

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 10:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी के सबसे संवेदनशील इलाकों में गिने जाने वाले Vijay Chowk पर शुक्रवार शाम एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। नए प्रधानमंत्री कार्यालय परिसर ‘सेवा तीर्थ’ से कुछ ही दूरी पर एक इनोवा कार और भारतीय सेना के वाहन के बीच तेज टक्कर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहन आमने-सामने आए और भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा पलटकर सड़क पर उलट गई। सेना के वाहन को भी क्षति पहुंची।

हादसे के बाद अफरातफरी

टक्कर के तुरंत बाद इलाके में हलचल मच गई। सुरक्षा बल और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पलटी हुई कार में फंसे चालक को बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की गंभीर जानहानि नहीं हुई।

चालक का बयान

घायल चालक ने बताया कि उसने वाहन चलाते समय कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन सामने से आ रही सेना की गाड़ी अचानक करीब आ गई और टक्कर हो गई। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

ट्रैफिक प्रभावित, फिर बहाल

हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सुरक्षाकर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर मार्ग साफ कराया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।

हाई अलर्ट के बीच हुआ हादसा

यह घटना ऐसे समय हुई जब ‘सेवा तीर्थ’ परिसर के उद्घाटन के बाद पूरा इलाका पहले से ही कड़ी सुरक्षा में था। ऐसे में हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई यह दुर्घटना सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर रही है। जांच एजेंसियां अब रफ्तार, सिग्नल और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News