दर्दनाक हादसा : हाई टेंशन तारों की चपेट में आने से युवक की मौत

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 09:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राजधानी दिल्ली के कपासहेड़ा इलाके में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां निर्माण कार्य के दौरान हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।

निर्माण स्थल पर हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त दोनों व्यक्ति एक मकान के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था।

बांस के संपर्क में आया बिजली का तार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति पहली मंजिल पर खड़ा था और उसने लकड़ी का बांस ऊपर की मंजिल पर काम कर रहे साथी को देने की कोशिश की। इसी दौरान बांस ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया और दोनों व्यक्ति इसकी चपेट में आ गए।

इलाज के दौरान एक की मौत

करंट लगने के बाद दोनों नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने 45 वर्षीय राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। वह हरियाणा के समालखा क्षेत्र के रहने वाले थे।

घायल का इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस

घटना में घायल 32 वर्षीय मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए क्राइम टीम को मौके पर बुलाया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News