PM Kisan : एक साथ खाते में आएंगे 18,000 रुपये, बस ये दस्तावेज दोबारा करें वेरिफाई

punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 11:12 AM (IST)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना से जुड़े लाखों किसानों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। जो किसान 11वीं किस्त के बाद से अब तक योजना का पैसा नहीं पा सके हैं, उनके लिए एक बार फिर उम्मीद की किरण जगी है। सरकार ने साफ कर दिया है कि यदि लाभार्थी आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कर लेते हैं, तो 12वीं से लेकर 20वीं किस्त तक की राशि यानी कुल ₹18,000 एक साथ उनके खाते में भेजी जा सकती है।

क्यों रुकी थीं किस्तें?
केंद्र सरकार ने बीते कुछ समय में पीएम किसान योजना में तकनीकी और डेटा वेरिफिकेशन से जुड़े कई अहम बदलाव किए। इनमें भूमि सीडिंग, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और आधार-बेस्ड भुगतान जैसे अनिवार्य कदम शामिल थे। यदि किसानों ने समय पर ये औपचारिकताएं पूरी नहीं कीं, तो उनकी किस्तें अस्थायी रूप से रोक दी गईं।

12वीं किस्त (अगस्त-नवंबर 2022): भूमि रिकॉर्ड से लिंक जरूरी किया गया।
13वीं किस्त (दिसंबर 2022-मार्च 2023): आधार से लिंक पेमेंट सिस्टम लागू किया गया।
15वीं किस्त (अप्रैल-जुलाई 2023): ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई।
इन नए नियमों के चलते कुछ राज्यों में लाभार्थियों की संख्या अस्थायी रूप से कम हो गई, खासकर वहां, जहां समय रहते सत्यापन नहीं हुआ।

कैसे मिलेगा एकसाथ ₹18,000?
कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने जानकारी दी है कि जो किसान इन शर्तों को अब पूरा कर रहे हैं, उनके रुकी हुई सभी किस्तें एकमुश्त जारी की जाएंगी। यानी, यदि आपकी 12वीं से 20वीं किस्त तक की राशि रुकी है, तो एक साथ ₹18,000 तक आपके खाते में आ सकते हैं।

जरूरी कार्रवाई क्या है?
यदि आप पात्र हैं और फिर भी किस्त नहीं मिली है, तो तुरंत ये कदम उठाएं:
PM-Kisan पोर्टल पर लॉगिन करें।
ई-केवाईसी पूरा करें।
आधार नंबर और बैंक खाता लिंकिंग की पुष्टि करें।
राज्य के भूमि रिकॉर्ड (Land Seeding) से अपनी जानकारी अपडेट करें।
राशन कार्ड नंबर और अन्य पहचान दस्तावेज वेरिफाई कराएं।

सरकार ने क्यों किया तकनीकी बदलाव?
सरकार का कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य योजना की पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाना है। इसके लिए PM-Kisan पोर्टल को PFMS, UIDAI, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और राशन कार्ड डेटाबेस से जोड़ा गया है। डुप्लीकेट खातों की पहचान, मृत लाभार्थियों के खातों को निष्क्रिय करना और फर्जीवाड़े को रोकना भी प्रमुख मकसद है।

किसानों की नाराजगी भी कायम
हालांकि, किसान संगठनों की ओर से इस पूरे मामले पर नाराजगी भी जताई गई है। भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल ग्रुप) के अध्यक्ष हरिंदर सिंह लखोवाल ने केंद्र सरकार पर किसानों के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले ग्रामीण विकास फंड रोका गया, और अब किसानों की सीधी मदद पर भी रोक लगाई जा रही है।

कब जारी हुई 20वीं किस्त?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2025 को PM-KISAN योजना की 20वीं किस्त देशभर के किसानों को जारी की थी। इस मौके पर करोड़ों किसानों को ₹2,000 की राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News