भगवान जगन्नाथ के मंदिर का फोटो, कैंपा का विवादित विज्ञापन – जानिए क्यों हुआ #BoycottCampa ट्रेंड
punjabkesari.in Thursday, Jun 26, 2025 - 11:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत में पुरी के रथ यात्रा जैसे पवित्र आयोजन के दौरान सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी कैंपा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कंपनी ने अपनी प्रचार सामग्री में भगवान जगन्नाथ के मंदिर की तस्वीर लगाकर एक टैगलाइन इस्तेमाल की, जिसे कई लोगों ने धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर #BoycottCampa ट्रेंड होने लगा और सैकड़ों यूजर्स ने कैंपा के खिलाफ आवाज उठाई। आइए विस्तार से जानते हैं कि क्या है पूरा मामला।
क्या है विवाद?
कैंपा ने पुरी के रथ यात्रा के शुभारंभ के मौके पर उड़िया भाषा में प्रचार सामग्री निकाली जिसमें लिखा था- ‘रथ का मार्ग, कैंपा के साथ’इसके साथ ही मंदिर की तस्वीर भी थी। इस विज्ञापन को देखकर कई लोगों को लगा कि कंपनी ने धार्मिक भावना का अपमान किया है और भगवान जगन्नाथ के नाम पर सस्ता प्रचार किया है। लोगों का कहना है कि भगवान आशीर्वाद देते हैं, ब्रांडिंग नहीं होती। यूजर्स ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे अशोभनीय और अस्वीकार्य बताया। कई लोगों ने कैंपा के खिलाफ बॉयकॉट का आह्वान किया। फिलहाल कंपनी ने इस मामले पर कोई सफाई नहीं दी है।
लोग भगवान जगन्नाथ को बहुत मानते हैं। कैम्पा कोला ने मार्केटिंग के लिए उनमें से हर एक का अनादर किया
— महेश सिंह जाट (@TheRoyal_Jaat) June 25, 2025
आखिर क्यो करते है लोग ऐसा
और हर बार हिंदू धर्म को टार्गेट ही क्यो करते है? #BoycottCampa pic.twitter.com/pFfgoKAOA1
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
X प्लेटफॉर्म पर यूजर्स ने इस विज्ञापन को लेकर गुस्सा जाहिर किया। कुछ प्रतिक्रियाएं इस प्रकार रहीं-
-
आकर्श नाम के यूजर ने कहा, "यह सिर्फ स्वर-बहरापन नहीं, आत्मा-बहरापन है।"
-
खुशी ने लिखा, "हिंदू आस्था को व्यापार के लिए इस्तेमाल करना बंद करो। कैंपा को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।"
-
समृद्धि पाठक ने सवाल किया, "हर बार हिंदू धर्म ही क्यों निशाने पर होता है? इनके उत्पादों का बहिष्कार करें और माफी मांगवाएं।"
-
अंकिता ने कहा, "भगवान आशीर्वाद देते हैं, ब्रांडिंग नहीं। ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है।"
इस तरह की प्रतिक्रियाओं के चलते #BoycottCampa ट्रेंड करने लगा और कंपनी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा।
कंपनियों को सोचना होगा कि हर चीज़ को ‘कॉमेडी’ या ‘क्रिएटिविटी’ कहना उन्हें धार्मिक संवेदनाओं से खेलने का लाइसेंस नहीं देता। कैंपा कोला से महाप्रभु का अभिषेक दिखाना हिंदू आस्थाओं का घोर अपमान है।#BoycottCampa pic.twitter.com/Lj3nkorMPN
— desi mojito 🇮🇳 (@desimojito) June 25, 2025
कैंपा कोला का इतिहास
कैंपा कोला भारत की एक पुरानी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी है। इसे साल 1977 में प्योर ड्रिंक्स ग्रुप ने लॉन्च किया था। शुरूआत में कंपनी का स्लोगन था- ‘द ग्रेट इंडियन टेस्ट’। पहले यह कंपनी कोका-कोला के साथ मिलकर काम करती थी। लेकिन विदेशी ब्रांड्स के आने से कैंपा बाजार से धीरे-धीरे गायब हो गई। साल 2000 में कंपनी ने दिल्ली में अपने ऑफिस और प्लांट बंद कर दिए। फिर साल 2022 में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कैंपा कोला को 22 करोड़ रुपये में खरीद लिया।