पाकिस्तान ने किया नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन
punjabkesari.in Monday, Apr 17, 2017 - 11:43 AM (IST)
जम्मू: पाकिस्तानी सैन्य बलों ने इस माह में छठी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के नौशेरा में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सैन्य चौकियों पर आज सुबह आठ बजे छोटे एवं स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे।’’ अग्रिम चौकियों पर तैनात सैन्य बलों ने जवाबी कार्रवाई की और ताजा रिपोर्ट आने तक मुठभेड़ जारी थी। इस महीने में छठी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया है।
Jammu and Kashmir: Ceasefire violation by Pakistan along the Line of Control in Naushera's Kalsian, Indian army posts retaliating. Firing on pic.twitter.com/LrGXdVfW2k
— ANI (@ANI_news) April 17, 2017
इससे पहले पाकिस्तानी बलों ने आठ अप्रैल को राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तान ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पांच अप्रैल को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उसने राजौरी जिले के भीमबर गली सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर चार अप्रैल को मोर्टार के गोले दागे। पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के बालाकोट सेक्टर में अग्रिम चौकियों पर तीन अप्रैल को मोर्टार बम दागे।
इसी दिन पाकिस्तानी सैन्य बलों ने दूसरी बार संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ सेक्टर के दिग्वर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर गोलेबारी की। एक अप्रैल को पुंछ सेक्टर के इसी इलाके में एक आईईडी विस्फोट में जूनियर कमीशंड ऑफिसर नायब सुबेदार एस एस सोम शहीद हो गए थे। पुंछ में मार्च में भी संघर्ष विराम का चार बार उल्लंघन किया गया।