भारत की बढ़ती कूटनीति पर पाकिस्तान की नई चाल, 450 KM रेंज वाली मिसाइल का किया परीक्षण
punjabkesari.in Saturday, May 03, 2025 - 02:51 PM (IST)

Islamabad: भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने शनिवार को सतह से सतह पर मार करने वाली 'अब्दाली' बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। मिसाइल की रेंज 450 किलोमीटर बताई गई है और यह परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। परीक्षण बलूचिस्तान के सोनमियानी रेंज में किया गया। पाकिस्तानी सेना के अनुसार, यह परीक्षण ‘एक्सरसाइज इंडस’ नामक सैन्य अभ्यास के तहत किया गया। यह अभ्यास आर्मी स्ट्रेटेजिक फोर्सेज कमांड (ASFC) द्वारा आयोजित किया गया था।
परीक्षण के समय ASFC कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद शाहबाज खान और स्ट्रेटेजिक प्लांस डिवीजन के महानिदेशक मेजर जनरल शहरयार परवेज़ बट मौजूद थे। हाल के हफ्तों में भारत में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान ने कई बार NOTAM (Notice to Airmen) जारी कर मिसाइल परीक्षण की संभावना जताई थी। अब इस परीक्षण को भारत द्वारा की गई कूटनीतिक प्रतिक्रियाओं के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। पाक सेना की मीडिया शाखा ISPR ने कहा कि परीक्षण का मकसद सेना की तत्काल प्रतिक्रिया क्षमता और मिसाइल के आधुनिक नेविगेशन सिस्टम की जांच करना था।
भारत-पाकिस्तान सैन्य तुलना:-
ग्लोबल फायरपावर 2024 के अनुसार
भारतः दुनिया में 4वें स्थान पर
पाकिस्तान : 12वें स्थान पर
मिलिट्री वॉच मैगजीन वर्गीकरण
भारत: Tier 2 मिलिट्री पावर
पाकिस्तान: Tier 3 मिलिट्री पावर
SIPRI रिपोर्ट (2024)
भारत का रक्षा बजट: $86.1 बिलियन
पाकिस्तान का रक्षा बजट: $10.2 बिलियन
भारत का सैन्य खर्च पाकिस्तान से 9 गुना अधिक है।