PAK ने कठुआ में तोड़ा सीजफायर, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2020 - 06:40 PM (IST)

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी रेंजर्स ने अंतरराष्ट्रीय सीमा की अग्रिम चौकियों पर बिना किसी उकसावे के रात भर गोलीबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, गोलीबारी में भारतीय पक्ष की ओर किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया और हीरानगर सेक्टर के मन्यारी-चोरगली इलाके में दोनों ओर से पूरी रात हुई गोलीबारी के कारण सीमा पर रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब पौने दस बजे पाकिस्तानी रेंजर्स ने अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की शुरुआत की। इसके बाद रविवार सुबह चार बज कर करीब 35 मिनट तक गोलीबारी जारी रही।

PunjabKesari

गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के मेंढ़र सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया था। पाक द्घारा इस दौरान रिहायशी इलाकों और सैन्य चौकियों को निशाना बनाया गया। मेंढर सेक्टर के गोहलाद गांव में सीमपार से हुई गोलीबारी में मोहम्मद रफीक (52) अपने घर के बाहर गोली लगने से घायल हो थे। घायल रफीक को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और उनकी जांघ में हुए घाव का इलाज किया जा रहा है। वहीं भारतीय सेना ने पाक को इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया था।

PunjabKesari

वहीं जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आज सुरक्षाबलों के साथ आतंकियों की मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने हिजबुल मुजाहिद्दीन का एक और लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों को ढेर कर दिया है। खबर है कि सुरक्षाबलों को अनंतनाग स्थित वटरीगाम में आतंकियों के छुपे होने की खबर मिली थी। जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया और आतंकियों ने अपने आपको घिरा देखकर सुरक्षाबलों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया। वहीं, जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को ढेर कर दिया। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Author

rajesh kumar

Recommended News

Related News