चंडीगढ़ का ओपन हैंड मॉन्यूमेंट शिकागो में 16 लाख में हुआ नीलाम
punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2016 - 07:52 AM (IST)

चंडीगढ़(विजय) : चंडीगढ़ की पहचान माने-जाने वाले ओपन हैंड मॉन्यूमैंट को डिजाइन करते हुए फ्रेंच आर्कीटैक्ट ली-कार्बूजिए ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि कभी ये नीलाम भी होंगी। लेकिन विदेशों में पहली बार ओपन हैंड की नीलामी हुई और लाखों रुपए की कीमत पर इसे खरीदा भी गया। शिकागो के ‘राइट’ ऑक्शन हाऊस में वीरवार रात ऑक्शन हुई। इसकी एस्टिमेट कॉस्ट 20000 से 30000 डॉलर्स लगाई गई थी। अंत में इसे 25000 डॉलर्स यानि लगभग 16.89 लाख रुपए में बेच दिया गया। यह वही ओपन हैंड है, जिसे 1964 में चंडीगढ़ को डिजाइन करने वाले फ्रेंच आर्कीटैक्ट ली-कार्बूजिए ने तैयार करवाया था। ऑक्शन हाऊस में ओपन हैंड के दो डिजाइन रखे गए थे।
खास बात यह है कि यह पहला मौका है जब किसी भी ऑक्शन हाऊस में चंडीगढ़ की पहचान ओपन हैंड मॉन्यूमैंट पर विदेशों में बोली लगाई गई। पहला मॉडल काव्र्ड टीक का है, जबकि दूसरा कास्ट मेटल का है। ये दोनों मॉडल ली-कार्बूजिए के मार्गदर्शन में तैयार किए गए थे। जिसे उन्होंने दिल्ली के हबीब रहमान को गिफ्ट किया था, लेकिन वहां से ये दोनों मॉडल ऑक्शन हाऊस तक पहुंच गए। जिससे साबित होता है कि चंडीगढ़ के हैरिटेज मॉन्यूमैंट्स के संरक्षण को लेकर कोई हल अभी तक यू.टी. प्रशासन के अधिकारी नहीं निकाल पाए हैं।
रतन सिंह ने तैयार किए थे :
ओपन हैंड मॉन्यूमैंट्स के इन दोनों मॉडल्स को ली-कार्बूजिए ने ज्ञानी रतन सिंह से तैयार करवाया था। रतन सिंह चीफ आर्कीटैक्ट ऑफिस में मॉडलर के तौर पर काम करते थे। गौरतलब है कि 2011 में यू.टी. पुलिस ने रतन सिंह के बेटे जसविंदर सिंह को गिरफ्तार किया था। उस समय ज्वाइंट सैक्रेटरी (होम) अभिषेक देव ने अपनी इंक्वायरी रिपोर्ट में बताया था कि जसविंदर सिंह ने 1990 के दौर में शहर की हैरिटेज आइटम्स को फ्रांस में बेचा था।
फिर से मांगी जाएगी रिपोर्ट :
प्रशासन अब अपने सभी डिपार्टमैंट्स से एक बार फिर पूरी रिपोर्ट सब्मिट करवाने की तैयारी में है जिसमें यह डिटेल होगी कि उनके पास कौन-कौन सा हैरिटेज फर्नीचर है? सूत्रों के अनुसार यह डिटेल कंपाइल करके प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि मौजूदा समय में शहर में कितना हैरिटेज फर्नीचर है। इसके बाद निरंतर अंतराल में चैकिंग की जाएगी कि फर्नीचर की कहीं तस्करी तो नहीं हो रही है।