ऑनलाइन भगवान के दर्शन करने की बढ़ी मांग लेकिन पूजा, हवन और दान देना हुआ कम
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2020 - 06:42 PM (IST)

नई दिल्ली/डेस्क। कोरोना और लॉकडाउन के चलते लोगों ने मंदिरों का मोह छोड़ कर ऑनलाइन ईश्वर के दर्शन करना शुरू कर दिया है। ये इस समय का नया और तेजी से लोगों में पॉपुलर होने वाला ट्रेंड हैं। लोग अपनी रोज की आदतों में इसे अब उतार चुके हैं।
ऑनलाइन दर्शन
इस बारे में दैनिक भास्कर ने एक रिपोर्ट पब्लिश की है जिसमें देश के मुख्य 8 मंदिरों का ऑनलाइन ट्रेंड पता चलता है। इस रिपोर्ट के अनुसार, देश के प्रमुख 8 मंदिरों में एक महीने में ही 2 से 100 गुना तक ऑनलाइन भगवान के दर्शन किए गये हैं।
हैरानी की बात ये हैं कि ये इजाफा केवल दर्शन करने में ही हुआ है। जबकि, ऑनलाइन पूजा कराना, अभिषेक, हवन कराना, प्रसाद बुक करवाने वालों की संख्या केवल 10% ही रह गई है और तो और लोग अब ऑनलाइन डोनेट भी नहीं कर रहे हैं। वहीँ कुछ मंदिरों में ये ट्रेंड कमाल कर रहा है आईये जानते हैं।
शिर्डी का साईं मंदिर सबसे अव्वल
शिर्डी में रोज ऑनलाइन 30 हजार से ज्यादा लोग भगवान के दर्शन करते हैं। वहीँ, मोबाइल एप, टाटा स्काई,जियो टीवी पर आने वाले ऑनलाइन भक्तों की संख्या 1 लाख से भी ज्यादा है। जबकि ऑनलाइन डोनेट 95% कम हो गया है और पूजन हवन भी बुक नहीं हो रहा है।
सिद्धि विनायक
मुंबई के सिद्धि विनायक के ऑनलाइन रोजाना 3 लाख लोग दर्शन कर रहे हैं। जबकि एक महीने में 1 करोड़ लोग ऑनलाइन दर्शन कर चुके हैं, वहीँ मोबाइल एप, टाटा स्काई, यूट्यूब, फेसबुक आदि ऑनलाइन प्लेटफार्म पर भी यह सुविधा उपलब्ध है। रोज 3 लाख का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है जबकि पिछले साल मार्च तक 30 लाख लोग ऑनलाइन दर्शन करते थे जो अब करोड़ में पहुंच गया है।
वैष्णो देवी
वैष्णो देवी में 10 हजार ऑनलाइन दर्शक बढ़े हैं और अब अटका आरती भी लाइव होने लगी है।
ये आरती सुबह और शाम दोनों समय लाइव दिखाई जा रही है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन से पहले रोज 5 हजार लोग ही ऑनलाइन दर्शन करते थे लेकिन अब रोजाना 15 हजार लोग आते हैं।
सोमनाथ ज्योतिर्लिंग
यहां पूजा अर्चना और आरती के लिए ऑनलाइन 45 देशों के ढाई करोड़ लोगों ने महीने भर में अब तक दर्शन किए है जो पहले केवल 3 लाख हुआ करते थे। लेकिन पिछले एक महीने में ऑनलाइन पूजन, दान-पुण्य, अभिषेक, प्रसादी आदि की बुकिंग बेहद कम हो गई है। ये इतना कम है कि शायद ये रोजाना का 5% ही है।
काशी विश्वनाथ
बनारस में अब रोजाना लोग ऑनलाइन के आते हैं। ऑनलाइन दर्शन की संख्या 15 से अब 25 हजार हो गई है, दरअसल इसमें अब स्थानीय लोग भी शामिल हो गये हैं। वहीँ बाकी किसी ऑनलाइन सेवा के लिए कोई डिमांड नही आ रही है।
चिंतपूर्णी माता कांगड़ा
यहां हर रोज कम से कम 10 हजार लोग रोज घर बैठे माता और आरती के दर्शन करते हैं। यहां 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के दिन ही यूट्यूब चैनल बनाया गया था और इसे वेबसाइट से लिंक किया गया साथ ही फेसबुक और यूट्यूब पर पेज बनाकर ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की गई।
महाकालेश्वर मंदिर
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल के ऑनलाइन भक्त 10 गुना बढ़ गए हैं। 22 मार्च से 15 अप्रैल के बीच 68 हजार 512 लोगों ने ऑनलाइन दर्शन किए है, जबकि फेसबुक पर दर्शन करने वाले 10 गुना बढ़कर 55 लाख 41 हजार हो गए हैं। यूट्यूब पर भी रोज 5 हजार लोग लाइव दर्शन कर रहे हैं।
बांके बिहारी
मथुरा के बांके बिहारी मंदिर के एप पर दर्शन करने वाले लोग तेजी से बढ़े हैं। पहले यहां क़० हजार लोग ही आते थे लेकिन अब ऑनलाइन दर्शन करने वालों की संख्या 50 हजार हो गई है। वहीँ बताया जाता है कि फेसबुक और यूट्यूब पर भी लोगों का दर्शन के लिए तांता लगा रहता है।