भारत में भी कोरोना का प्रकोप! यूपी, बिहार के बाद अब कोलकाता एयरपोर्ट पर दो विदेशी नागरिक कोरोना संक्रमित मिले

punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 03:33 PM (IST)

कोलकाता: चीन में कोरोना वायरस की तबाही को देखते हुए भारत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। विदेश से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर ही रैंडम जांच की जा रही है। सोमवार को देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब आधा दर्जन से अधिक विदेशी यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सभी यात्रियों को क्वांरटीन कर दिया गया है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में चीन से लौटा एक यात्री भी कोरोना संक्रमित पाया गया था। वहीं अब कोलकाता में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह में 2 विदेशी नागरिक को यहां सरकारी बेलियाघाटा आईडी अस्पताल के एक पृथक-केंद्र में स्थानांतरित किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि ब्रिटिश पासपोर्ट धारक एक महिला यात्री को रविवार रात कोलकाता में रोका गया था। उनका आरटी-पीसीआर किया गया है। मामले पर विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। वहीं इससे पहले बिहार के गया में तिब्बतियों के आध्यात्मिक धर्मगुरु दलाई लामा के प्रवचन कार्यक्रम में शामिल होने आए चार विदेशी नागरिक कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं।  इनमें एक म्यांमार एवं तीन बैंकाक के नागरिक हैं। उन्हें बोधगया के एक होटल में आइसोलेट किया गया है। चारों की स्थिति सामान्य है और उनका इलाज किया जा रहा है। 

तो वहीं,  उत्तर प्रदेश के आगरा और उन्‍नाव जिलों में विदेश से लौटे दो युवकों के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गयी है और राज्‍य भर के सभी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों में कोविड प्रबंधन का परीक्षण करने के लिए मंगलवार को छद्म अभ्‍यास (मॉकड्रिल) किया जाएगा। राज्य में स्वास्थ्य महकमा संभाल रहे उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हालांकि भरोसा दिलाया है कि घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि उप्र में स्थिति नियंत्रण में है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News