DGCA चीफ बोले-फ्लाइट्स में अब यात्रियों से खराब बर्ताव की घटनाएं हुईं कम, सख्ती से नियम लागू

punjabkesari.in Tuesday, Feb 21, 2023 - 04:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क: नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के प्रमुख अरुण कुमार ने कहा कि हवाई यात्रा के दौरान विमानों में यात्रियों के अभद्र व्यववहार की घटनाएं नियंत्रण में हैं और नियमों को सख्ती से लागू किया गया है, जबकि पहले वांछित स्तर पर इनका क्रियान्वयन नहीं हो पाता था। कुमार ने दिए एक इंटरव्यू में इस बात पर जोर भी दिया कि विमान यात्रियों के अभद्र व्यवहार के मामलों से निपटने के लिए मौजूदा नियम फिलहाल पर्याप्त हैं। हाल के महीनों में यात्री विमानों में कुछ यात्रियों के अभद्र व्यवहार की कुछ घटनाएं सामने आई हैं।

 

हाल ही में एक पुरुष यात्री ने विमान में सवार एक महिला यात्री पर पेशाब कर दिया था। इन घटनाओं को लेकर DGCA ने संबंधित यात्रियों के विमान में यात्रा पर प्रतिबंध लगाने समेत कई कड़े कदम भी उठाए। इन घटनाओं की पृष्ठभूमि में DGCA प्रमुख ने कहा कि यात्रियों को यह अधिकार दिया गया है कि वे विमान के भीतर अभद्र व्यवहार करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकें। आगामी 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे कुमार ने कहा, ‘‘यात्री विमानों में व्यवस्था कायम रहनी चाहिए और यात्रा कर रहे हर यात्री को नियमों का पालन करना होता है। इस संदर्भ्र में नियम मौजूद हैं।

 

बहरहाल, वांछित स्तर तक नियमों का क्रियान्वयन नहीं था जिस कारण विमानों में कुछ शर्मनाक घटनाएं हुईं।'' उनका कहना था कि चीजों में काफी सुधार हो रहा है और जब भी जरूरत होती है तो नियमों का सख्ती से पालन किया जाता है। DGCA प्रमुख ने कहा, ‘‘देश में औसतन 4.5 लाख घरेलू हवाई यात्री और एक लाख अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्री हैं। यात्रियों द्वारा अभद्र व्यवहार की घटनाएं होती हैं, लेकिन ये नियंत्रण में हैं और कार्रवाई की जा रही है।'' एक सवाल के जवाब में कुमार ने कहा कि इस समय जो भी नियम हैं वो पर्याप्त हैं। विमानन क्षेत्र में भारत के पास सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा मानक हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News