Noida Society Fire : नोएडा के एक फ्लैट में तड़के सुबह फटा AC, मची अफरातफरी
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 09:27 AM (IST)
Noida Sector 100 Lotus Bluebird Society Fire : दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-100 स्थित एक नामचीन आवासीय सोसाइटी से तड़के सुबह डरा देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (AC) की इनडोर यूनिट में अचानक धमाके के साथ भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ और समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-100 स्थित लोटस ब्लूबर्ड सोसाइटी के टावर-सात के एक फ्लैट में तड़के करीब सवा तीन बजे एसी की यूनिट में पटाखे जैसी आवाज के साथ आग लगने की सूचना मिली थी और बताया गया था कि फ्लैट में दो लोग फंसे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियों के साथ अग्निशमन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। चौबे ने बताया कि हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही फ्लैट में मौजूद दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे और सोसाइटी के अग्निशमन तंत्र की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
यह भी पढ़ें: आबादी की रफ्तार पर लगा ब्रेक: गिरा भारत का फर्टिलिटी रेट, जानें कहां सबसे कम बच्चे पैदा कर रहीं महिलाएं?
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में एसी में अत्यधिक गर्मी (ओवरहीटिंग) के कारण आग लगने की आशंका है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार गौतमबुद्ध नगर जिले में इस वर्ष गर्मियों के दौरान एसी में आग लगने की घटनाओं में काफी वृद्धि देखी गई है।
उन्होंने कहा, अब तक एसी यूनिट में आग लगने से संबंधित 87 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।उन्होंने कहा कि हाल में स्पार्क मिंडा कंपनी में भी एसी यूनिट में आग लगने के बाद भीषण आग भड़क गई थी जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था।
