Electric Bus Fire: बैटरी फटने से इलेक्ट्रिक AC बस बनी आग का गोला, धू-धू कर जली, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 09:19 AM (IST)
Electric Bus Fire : नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के एक बस डिपो में खड़ी नगर निगम की वातानुकूलित (एसी) इलेक्ट्रिक बस की बैटरी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। गनीमत यह रही कि यह बस अन्य बसों से थोड़ी दूरी पर खड़ी थी जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ।
नवी मुंबई महानगरपालिका (एनएमएमसी) के मंडलीय अग्निशमन अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव ने बताया कि यह आग सोमवार रात लगभग साढ़े 8 बजे तुर्भे स्थित नवी मुंबई म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट (एनएमएमटी) के बस डिपो में एक बस में लगी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
अधिकारी के अनुसार बस खराब होने के डिपो में खड़ी थी। उन्होंने बताया तकनीकी खराबी के कारण बस के पिछले हिस्से में स्थित बैटरी यूनिट में अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने आग बुझाई लेकिन तब तक वह पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में क्षतिग्रस्त बैटरी यूनिट को निकालकर डिपो प्रबंधक को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें: Rain Alert: आज इन 18 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने बताया कब से बदलेगा मौसम का मिजाज?
उन्होंने बताया कि घटना के समय डिपो में कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। हालांकि यह बस खराब होने के कारण अन्य वाहनों से अलग एक सुरक्षित स्थान पर खड़ी की गई थी इसी वजह से आग अन्य बसों तक नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया।
