Mumbai News: मुंबई में म्यूजिक कॉन्सर्ट में Drug Overdose ने ली 2 छात्रों की जान, 5 गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 10:49 AM (IST)

मुंबई : मुंबई के गोरेगांव स्थित एक एग्जीबिशन ग्राउंड में आयोजित म्यूजिक इवेंट के दौरान बड़ा हादसा सामने आया, जहां संदिग्ध ड्रग ओवरडोज के कारण दो MBA छात्रों की मौत हो गई। इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो कॉलेज छात्र भी शामिल हैं।

वनराई पुलिस के अनुसार, दोनों पीड़ितों की मौत ओवरडोज के कारण हुई बताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारण की पुष्टि मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। मामले की जांच वनराई पुलिस कर रही है, जिसने इवेंट से जुड़े एक व्यक्ति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इवेंट के दौरान प्रतिबंधित पदार्थों का सेवन किया गया था। मृतकों में 24 वर्षीय महिला और 28 वर्षीय पुरुष शामिल हैं, जो मुंबई के एक प्रतिष्ठित MBA कॉलेज के छात्र थे। इसी दौरान एक 25 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल के ICU में भर्ती है।

यह घटना 11 अप्रैल की रात की है, जब इस म्यूजिक इवेंट में लगभग 3,000 से 4,000 युवा शामिल हुए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ लोगों ने ड्रग्स का सेवन किया था, जिसमें MDMA जैसे पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी।

आधी रात के आसपास कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने इवेंट में शामिल कई छात्रों के बयान दर्ज किए हैं, जिससे ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने में मदद मिल रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में इवेंट आयोजक विहान उर्फ आकाश सामल (31), NESCO इवेंट ऑर्गनाइजेशन एंड मैनेजमेंट से जुड़े सनी विनोद जैन, और सिक्योरिटी टीम के सदस्य बालकृष्णन बालाराम शामिल हैं। सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। इस बीच, इवेंट के दौरान अत्यधिक शराब और ड्रग्स के सेवन के कारण कई अन्य युवाओं की तबीयत भी बिगड़ने की खबर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News