बेस्ट के 30 हजार कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, 25 लाख लोग हुए थे प्रभावित
punjabkesari.in Wednesday, Jan 16, 2019 - 04:54 PM (IST)

मुंबई: बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार बॉम्बे हाईकोर्ट की फटकार के बाद बुधवार को खत्म हो गई। बृहन्मुंबई बेस्ट बस संगठन ‘बेस्ट कामगार संयुक्त कृति समिति’ के नेता शशांकराव ने बुधवार अदालत के आदेश के अनुसार नौ दिन पुरानी हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। बेस्ट के कर्मचारी 8 जनवरी की मध्यरात्रि से हड़ताल पर चले गए थे। जिससे शहर में बस सेवा ठप पड़ गई और रोजाना यात्रा करने वाले कम से कम 25 लाख लोग प्रभावित हुए।
बेस्ट के पास लाल रंग की 3,200 से अधिक बसें हैं जो शहर के अलावा निकटवर्ती ठाणे जिले और नवी मुंबई में सेवाएं देती हैं। यह लोकल ट्रेन के बाद मुंबई में यातायात का सबसे बड़ा साधन है। इन बसों से लगभग 80 लाख यात्री रोजाना यात्रा करते हैं। कर्मी उच्च वेतन, घाटे में चल रही बेस्ट का बजट बृहन्मुंबई महानगर पालिका में जोड़े जाने और नए भत्ते समझौते पर विचार-विमर्श सहित अनेक मांगें कर रहे थे।
बंबई उच्च न्यायालय ने बेस्ट के हड़ताली कर्मचारियों को हड़ताल समाप्त करने का आदेश दिया था। शंशाकराव बडाला बस डिपो में आज हड़ताल वापसी की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार ने एक जनवरी 2019 से बस कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की मांग मान ली है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसी भी हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया है।
आठ जनवरी से 32,000 से अधिक बेस्ट कर्मचारी हड़ताल पर थे। श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, कनिष्ठ स्तर के कर्मचारियों के लिए वेतन ग्रेड का संशोधन और बीएमसी के साथ बेस्ट के बजट को विलय करने की मांग की थी। पिछले हफ्ते से बंबई उच्च न्यायालय में वकील दत्ता माने द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई चल रही थी। उच्च न्यायालय ने आज सेवा अवकाश प्राप्त न्यायाधीश को इन मुद्दों पर बातचीत करने के लिए मध्यस्थ नियुक्त किया। मामले में सभी पक्षों को सुनकर उच्च न्यायालय ने आज बेस्ट के संगठन को एक घंटे के भीतर हड़ताल वापस लेने की घोषणा करने का निर्देश दिया, जिसके बाद हड़ताल वापस लेने की घोषणा की गयी।