पहले दबाया गला, फिर दांतों से चबा दिया चेहरा... प्रेमी संग जाने के लिए मां ने मासूम को दी दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Monday, May 19, 2025 - 03:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश के नर्वल के मजरा प्रतापपुर में एक भयानक घटना सामने आई है। एक मां ने अपने साढ़े तीन साल के मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसके चेहरे को दांतों से चबा डाला। इस क्रूर कृत्य के पीछे की वजह महिला का प्रेमी के साथ रहने की जिद और ससुराल वालों का दबाव बताया जा रहा है।

आरोपी महिला 33 वर्षीय मनीषा फतेहपुर की रहने वाली है और उसकी शादी सुशील यादव से हुई थी। सुशील के अनुसार, मनीषा करीब एक महीने पहले गांव के ही एक युवक के साथ भाग गई थी। तीन दिन पहले परिवार के दबाव के बाद उसे वापस घर लाया गया था। हालांकि, मनीषा अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती थी और इसी बात को लेकर उसका रोजाना झगड़ा होता था।

रविवार की देर रात जब सुशील घर पर नहीं था और उसके पिता फूल सिंह यादव छत पर सो रहे थे। तब मनीषा ने गुस्से में आकर अपने चार साल के बेटे अनिरुद्ध का गला उसके गले में बंधी ताबीज के धागे से कस दिया। इसके बाद उसने अपने हाथों से भी बच्चे का गला घोंटा और फिर उसके चेहरे को दांतों से चबा डाला।

हत्या करने के बाद मनीषा ने बेटे के शव को छत पर दादा फूल सिंह के पास ले जाकर लिटा दिया और उसे चादर से ढक दिया। फिर वह नीचे आकर खाना बनाने लगी। कुछ देर बाद जब फूल सिंह को संदेह हुआ, तो उन्होंने चादर हटाकर देखा और पाया कि बच्चा मृत है।

उन्होंने शोर मचाया, जिससे गांव वाले इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बच्चे को मृत देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मां मनीषा को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में मनीषा ने अपने बेटे की गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूल कर ली है।

नर्वल के थाना प्रभारी राम मूरत पटेल ने बताया कि महिला पर अपने बेटे की गला कसकर हत्या करने का आरोप है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस दिल दहलाने वाली घटना से पूरे गांव में शोक और सदमे का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News