Citizenship Rules: दुनिया के 6 वो देश जहां की नागरिकता पाना है लोहे के चने चबाने जैसा, जानें क्यों?

punjabkesari.in Tuesday, Dec 30, 2025 - 10:26 AM (IST)

Citizenship Rules : हर देश के अपने नियम होते हैं लेकिन कुछ देशों के पासपोर्ट हासिल करना दुनिया के सबसे कठिन कामों में से एक है। जहां कुछ देश निवेश (Investment) के बदले नागरिकता दे देते हैं वहीं कुछ देशों में दशकों तक रहने के बाद भी आप वहां के अपने नहीं कहलाते। आइए जानते हैं दुनिया के उन 6 देशों के बारे में जहां नागरिकता पाना लगभग नामुमकिन है।

1. वेटिकन सिटी: पद गया तो नागरिकता भी गई

दुनिया का सबसे छोटा देश नागरिकता के मामले में सबसे अनोखा है। यहां की नागरिकता स्थायी नहीं होती। यह केवल उन्हीं को मिलती है जो वहां के खास पदों (जैसे कार्डिनल, पादरी या चर्च के अधिकारी) पर नियुक्त होते हैं। जैसे ही आपकी सेवा या कार्यकाल समाप्त होता है आपकी नागरिकता अपने आप खत्म हो जाती है।

PunjabKesari

2. उत्तर कोरिया: दुनिया से कटा हुआ रहस्यमयी देश

उत्तर कोरिया की नागरिकता विदेशियों के लिए एक सपना मात्र है। यहां नागरिकता पाने की कोई पारदर्शी प्रक्रिया (Naturalization) ही नहीं है। बहुत ही असाधारण परिस्थितियों में जैसे कोई बड़ा सैन्य योगदान या राजनीतिक कारण होने पर ही सरकार इस पर विचार करती है।

3. कतर: 25 साल का लंबा इंतजार

अमीर देशों की सूची में शामिल कतर में नागरिकता पाना धैर्य की परीक्षा है। आपको कम से कम 25 साल तक वहां कानूनी रूप से रहना होगा। अरबी भाषा का ज्ञान और मजबूत आर्थिक स्थिति अनिवार्य है। सब कुछ होने के बाद भी फैसला पूरी तरह सरकार के हाथ में होता है।

PunjabKesari

4. सऊदी अरब: संस्कृति और धर्म का मेल

सऊदी अरब में नागरिकता पाने के लिए केवल वहां रहना काफी नहीं है। कम से कम 10 साल का निवास और अरबी भाषा में निपुणता। यहां इस्लाम का पालन और सऊदी संस्कृति के साथ गहरा जुड़ाव नागरिकता पाने के लिए निर्णायक कारक माना जाता है।

PunjabKesari

5. कुवैत: गैर-मुस्लिमों के लिए कड़े नियम

कुवैत के नागरिकता कानून दुनिया के सबसे सख्त कानूनों में गिने जाते हैं। यहां गैर-मुस्लिमों के लिए नागरिकता पाना लगभग असंभव है। मुसलमानों को भी आवेदन करने के लिए कम से कम 20 साल वहां गुजारने पड़ते हैं फिर भी सफलता की गारंटी नहीं होती।

6. स्विट्जरलैंड: स्थानीय लोगों की रजामंदी जरूरी

स्विट्जरलैंड केवल सुंदरता ही नहीं बल्कि अपनी जटिल लोकल जांच के लिए भी जाना जाता है। कम से कम 10 साल का निवास और 'सी' परमिट (C Permit) होना अनिवार्य है। यहां आपको भाषा और संस्कृति का टेस्ट तो देना ही होता है साथ ही यह भी साबित करना होता है कि आप स्थानीय समाज में पूरी तरह घुल-मिल गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News