Morning Numbness In Feet: सुबह उठते ही पैरों में होती है झुनझुनी, न करें नजरअंदाज, इस मारी का है शुरुआती संकेत

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 05:38 PM (IST)

Morning Numbness In Feet: अच्छी सेहत की ख्वाहिश हम सभी रखते हैं, लेकिन कभी-कभी सुबह उठते ही हमारे शरीर के कुछ छोटे-से लक्षण किसी बड़ी समस्या की आहट दे रहे होते हैं। अक्सर लोग सुबह सोकर उठने पर पैरों में होने वाली झुनझुनी या सुन्नता को गलत तरीके से सोने या मामूली थकान मानकर टाल देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह साधारण सी लगने वाली झुनझुनी आपके शरीर के भीतर पनप रही किसी गंभीर बीमारी का शुरुआती इशारा हो सकती है? स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, अगर आपको हर सुबह अपने पैरों में चींटियां रेंगने जैसा अहसास या भारीपन महसूस होता है, तो इसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

 पैरों की सुन्नता: क्या यह सिर्फ थकान है या कोई बीमारी?
विशेषज्ञों का मानना है कि सुबह-सुबह पैरों में सुन्नता महसूस होना मुख्य रूप से डायबिटीज (Diabetes) यानी मधुमेह का एक बड़ा संकेत हो सकता है। जब शरीर में लंबे समय तक ब्लड शुगर का लेवल बढ़ा रहता है, तो यह हमारी नसों को नुकसान पहुँचाने लगता है। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को 'डायबिटीक न्यूरोपैथी' कहा जाता है। इसमें सबसे पहले हमारे पैरों और टांगों की नसें ही प्रभावित होती हैं। हालांकि, इसके अलावा विटामिन बी-12 की कमी, खराब ब्लड सर्कुलेशन, नसों पर दबाव या रीढ़ की हड्डी से जुड़ी परेशानियां भी इसका कारण बन सकती हैं।

आखिर सुबह ही क्यों महसूस होती है ज्यादा झुनझुनी?
कई लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि यह अहसास सुबह सोकर उठते ही ज्यादा क्यों होता है। दरअसल, रात भर हमारा शरीर एक ही स्थिति में रहता है और सोते समय ब्लड सर्कुलेशन (रक्त संचार) भी थोड़ा धीमा हो जाता है। जैसे ही हम सुबह उठकर शरीर में हरकत शुरू करते हैं, प्रभावित नसों के कारण झुनझुनी, हल्का दर्द या जलन का अहसास तेजी से उभर कर आता है। कुछ लोगों को तो ऐसा महसूस होता है जैसे उनके पैर ठीक से काम ही नहीं कर रहे हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बढ़ा हुआ शुगर लेवल धीरे-धीरे नसों की संवेदनशीलता को कम कर देता है, जिससे शरीर के अंगों से दिमाग तक संकेत सही तरह से नहीं पहुँच पाते।

डायबिटीज के अन्य शुरुआती लक्षण जिन्हें पहचानना है जरूरी
अगर आपको पैरों में सुन्नता के साथ-साथ नीचे दिए गए लक्षण भी महसूस हो रहे हैं, तो यह हाई ब्लड शुगर की पुख्ता चेतावनी हो सकती है:

  1. सुबह उठते ही गला सूखना या बहुत ज्यादा प्यास लगना।
  2. बिना किसी खास मेहनत के भी हर समय थकान और कमजोरी महसूस होना।
  3. आंखों में भारीपन रहना या अचानक धुंधला दिखाई देना।
  4. सुबह के समय जी मिचलाना या उल्टी जैसा महसूस होना।
  5. हाथों और पैरों में लगातार जलन या झुनझुनी का अहसास बना रहना।

सावधानी ही है सबसे बड़ा बचाव
इन लक्षणों को नजरअंदाज करना आपको भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट में डाल सकता है। जानकारों का कहना है कि अगर समय रहते ब्लड शुगर की जांच करा ली जाए और डॉक्टर की सलाह ली जाए, तो मधुमेह को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है। याद रखें, शरीर द्वारा दिए गए इन छोटे-छोटे संकेतों को पहचानना ही एक स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी है। वक्त पर की गई जांच आपको एक बड़ी और खतरनाक बीमारी के जाल में फंसने से बचा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News