अजमेर में बड़ा हादसा: 150 फीट गहरी खाई में गिरी बस, चीख-पुकार से गूंज उठी घाटी
punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 03:27 PM (IST)
नेशनल डेस्क। राजस्थान के अजमेर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां की प्रसिद्ध और खतरनाक मानी जाने वाली पुष्कर घाटी में एक निजी बस अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार से गूंज उठी घाटी
जानकारी के लिए बता दें कि बस में करीब 31 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बस घाटी के तीखे मोड़ पर असंतुलित होकर नीचे गिरी पूरी घाटी में चीख-पुकार मच गई। बस खाई में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जिससे कई यात्री मलबे के नीचे दब गए।
यह भी पढ़ें: YouTube बदल रहा है वीडियो शेयरिंग का अंदाज, अब टाइम सेट करने की टेंशन खत्म! आ रहा है ये खास बटन
बचाव कार्य किया गया शुरू
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। दूसरी ओर घायलों को बड़ी मशक्कत के बाद बस से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए अजमेर के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में से कुछ की हालत काफी नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: सावधान! खेलने की उम्र में बच्चों को लग रही दिल की बीमारी, AIIMS की रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
आपको जानकारी के लिए बता दें कि पुष्कर घाटी अपने घुमावदार रास्तों और गहरी खाइयों के लिए जानी जाती है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चालक द्वारा बस पर से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
