सावधान! देशभर में मानसून की बारिश से जनजीवन प्रभावित... 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा

punjabkesari.in Friday, Jul 05, 2024 - 09:11 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मानसून की बारिश ने देशभर में कहर बरपा रखा है। जहां एक तरफ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पूर्वोत्तर के तीन राज्य बाढ़ की चपेट में हैं और हिमाचल प्रदेश में भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में नदियां उफान पर हैं, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों से मलबे और पत्थरों के साथ भारी पानी ने कहर ढाया है।

असम में कांजीरंगा नेशनल पार्क पर बाढ़ का कहर
असम के कांजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ के कारण 15 से ज्यादा जानवरों की मौत हो चुकी है। बिहार में 11 पुल नदी के उफान में बह चुके हैं और उत्तराखंड में चार धाम यात्रा रुकी हुई है। मौसम विभाग ने आज भी देश के करीब 15 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली-NCR में आज भी बारिश की संभावना
दिल्ली-NCR में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है और आज भी अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरे जुलाई महीने में दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। राजधानी में 28 जून को मानसून ने दस्तक दी थी।

हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा
हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश के कारण हालात खराब हो गए हैं। शिमला समेत कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने हिमाचल में बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंडी, चंबा, सोलन, कांगड़ा समेत कई जिलों में 100 से ज्यादा सड़कें ब्लॉक हैं। चंडीगढ़-मनाली हाईवे लैंडस्लाइड के कारण धंस गया है, जिससे केवल वन-वे ट्रैफिक ही संभव है। मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को पहाड़ी इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी है और टूरिस्टों से अपील की है कि वे अभी हिमाचल का ट्रिप न बनाएं।
 

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड और भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून की बारिश के कारण लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश सरकार ने भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। पौड़ी और नैनीताल में स्कूल एक जुलाई से ही बंद हैं। गढ़वाल और कुमाऊं में बारिश के कारण बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ, जिससे चारधाम यात्रा बाधित हुई है। पिथौरागढ़ जिले में चट्टान दरकने से हाईवे ब्लॉक है और चीन-तिब्बत बॉर्डर तक जाने वाली सड़कों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रियों को संभलकर यात्रा करने की सलाह दी है। देशभर में मानसून की बारिश ने राहत के साथ-साथ परेशानियों का भी सामना कराया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News