कश्मीर में शून्य से नीचे लुढ़का पारा, रविवार को बर्फबारी का अनुमान

punjabkesari.in Wednesday, Dec 22, 2021 - 02:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई लेकिन यह शून्य से नीचे रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विज्ञान विभाग अनुसार क्षेत्र में रविवार से तीन दिन बर्फबारी और बारिश होने का अनुमान है। अधिकारियों ने बताया कि चिल्लई कलां (भीषण ठंड की अवधि) के दौरान कश्मीर घाटी के अधिकतर स्थानों पर मंगलवार रात न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ। श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से एक डिग्री अधिक है।

श्रीनगर में शनिवार और रविवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो इस मौसम का सबसे कम तापमान था। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात से एक डिग्री अधिक था। उन्होंने कहा कि पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 26 दिसंबर से 28 दिसंबर तक भारी बर्फबारी हो सकती है। ‘चिल्लई कलां' की 40 दिनों की अवधि मंगलवार से शुरू हुई है। इस दौरान भीषण ठंड पड़ती है। इस अवधि के दौरान बर्फबारी सबसे ज्यादा होती है और अधिकतर क्षेत्रों में, विशेष रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होती है। ‘चिल्लई कलां' के बाद कश्मीर में 20 दिनों का ‘चिल्लई खुर्द' और 10 दिनों का ‘चिल्लई बच्चा' मौसम शुरू होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Hitesh

Recommended News

Related News