24K/22K Gold Price: MCX पर लगातार दूसरे दिन सस्ता हुआ सोना, जानें 10 ग्राम Gold का नया रेट

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 10:47 AM (IST)

24K/22K Gold Price: शादी-ब्याह वाले घरों में जहां खुशियों का माहौल है, वहीं पिछले कुछ दिनों से आसमान छूते सोने और चांदी के भावों ने बजट की चिंता बढ़ा दी थी। लेकिन आज यानी 12 मार्च 2026 की सुबह गहनों के शौकीनों और निवेशकों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है। भारतीय वायदा बाजार (MCX) में आज पीली धातु की चमक थोड़ी फीकी नजर आ रही है, जिससे उन लोगों के चेहरे खिल उठे हैं जो कीमतों में गिरावट का इंतजार कर रहे थे।

बाजार का हाल: सोने और चांदी में बड़ी सेंध
आज सुबह जैसे ही ट्रेडिंग की शुरुआत हुई, बाजार 'लाल निशान' के साथ खुला। सोने की कीमतों में जहां 400 रुपये से ज्यादा की कमी देखी गई, जिससे 10 Gram Gold की कीमत 161,380 पर पहुंच गई। वहीं चांदी के दाम तो धड़ाम से नीचे गिरे हैं। चांदी में 1400 रुपये से भी अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है जिससे चांदी 267,000 पर कारोबार करती नज़र आ रही है। कल की सुस्ती के बाद आज लगातार दूसरे दिन कीमतों में आई इस कमी ने बाजार में हलचल पैदा कर दी है।

MCX पर क्या हैं आज के ताजा दाम?

अगर आप आज खरीदारी का मन बना रहे हैं, तो सुबह 10:45 बजे तक के आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:-

  • सोना (2 अप्रैल वायदा): करीब 400 रुपये की गिरावट के साथ 161,380 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है।

  • चांदी (5 मई वायदा): तगड़ी बिकवाली के चलते यह 267,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।

क्यों आई कीमतों में अचानक गिरावट?
अचानक आई इस गिरावट के पीछे ग्लोबल मार्केट के तीन बड़े कारण माने जा रहे हैं। पहला, अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती, जिससे सोने की मांग कम हुई है। दूसरा, अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों ने निवेशकों को डरा दिया है कि ब्याज दरें फिलहाल कम नहीं होंगी। और तीसरा सबसे बड़ा कारण है मुनाफावसूली; यानी बड़े खिलाड़ियों ने ऊंचे दाम पर सोना बेचकर अपना प्रॉफिट बुक करना शुरू कर दिया है, जिससे कीमतों पर दबाव बना।

शहरों में सोने की कीमत का गणित
देश के अलग-अलग हिस्सों में भी भाव में इसी तरह का रुझान दिख रहा है।
-अयोध्या, अमृतसर और अलीगढ़ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना ₹16,237 प्रति ग्राम के आसपास है।
-जबकि 22 कैरेट (गहनों वाला सोना) ₹14,885 प्रति ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। अहमदाबाद और औरंगाबाद में कीमतें इससे मामूली कम दर्ज की गई हैं।

क्या यह निवेश का 'गोल्डन चांस' है?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि शादियों के इस दौर में कीमतों का गिरना एक अच्छा अवसर हो सकता है। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है, इसलिए अगर आप लंबे समय के लिए निवेश या घर की शादी के लिए गहने बनवाना चाहते हैं, तो इस गिरावट का फायदा उठाया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News