महिला दिवस: 70 की उम्र में 17 का जज्बा रखती हैं ये मार्शल आर्ट गुरु!(Pics)

punjabkesari.in Wednesday, Mar 08, 2017 - 02:21 PM (IST)

नई दिल्ली: महिला दिवस पर आज हम आपको एक ऐसी महिला के बारे में बताएंगे जो महिला शक्ति की एक सशक्त उदाहरण हैं। केरल की करीब 70 वर्षीय दिलेर और जुझारू मीनाक्षी अम्मा ने उम्र को कभी अपने उपर हावी नहीं होने दिया। वह आज भी मार्शल आर्ट कलारीपयट्ट का निरंतर अभ्यास करती हैं और इसमें इतने पारंगत हैं कि अपने से आधी उम्र के मार्शल आर्ट योद्धाओं के छक्के छुड़ाने का दम रखती हैं। कलारीपयट्ट की प्रशिक्षक होने के नाते उन्हें मीनाक्षी गुरुक्कल के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें पहचान उस समय मिली, जब कलारीपयट्ट के खेल में अपने से करीब आधी उम्र के एक पुरुष के साथ लोहा लेते और उस पर भारी पड़ते उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

मार्शल आर्ट ने दिया आत्मविश्वास
इस वीडियो ने कई लोगों को दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया था। कलारीपयट्ट तलवारबाजी और लाठियों से खेला जाने वाला केरल का एक प्राचीन मार्शल आर्ट है। मीनाक्षी अम्मा कहती हैं कि कलारीपयट्ट ने उनकी जिंदगी को हर प्रकार से प्रभावित किया है और अब जब वह करीब 75 साल की होने जा रही हैं, इस उम्र में भी वह इसका निरंतर अभ्यास करती हैं। वह कहती हैं, आज जब लड़कियों के देर रात घर से बाहर निकलने को सुरक्षित नहीं समझा जाता और इस पर सौ सवाल खड़े किए जाते हैं, कलारीपयट्ट ने उनमें इतना आत्मविश्वास पैदा कर दिया है कि उन्हें देर रात भी घर से बाहर निकलने में किसी प्रकार की झिझक या डर महसूस नहीं होता।

पद्मश्री से सम्मानित
मीनाक्षी अम्मा मानती हैं कि आज के दौर में लड़कियों के लिए मार्शल आर्ट और भी ज्यादा जरूरी हो गया है। इससे लड़कियों में आत्मविश्वास पैदा होता है। हर सुबह इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने से केवल आत्मविश्वास और शारीरिक मजबूती ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की मुश्किलों से लडऩेे के लिए मानसिक बल भी मिलता है। इस साल उन्हें प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया, जिसका श्रेय वह अपने दिवंगत पति राघवन गुरुक्कल को देती हैं, जो उन्हें कलारीपयट्ट सिखाने वाले उनके गुरु भी थे। उन्होंने 7 साल की उम्र से इस कला का प्रशिक्षण हासिल करना शुरू कर दिया था। आज उन्हें ‘उन्नीयार्चा’ (उत्तरी मालाबार के प्राचीन गाथागीत ‘वड़क्कन पट्टकल’ में उल्लिखित प्रसिद्ध पौराणिक योद्धा और नायिका), ‘पद्मश्री मीनाक्षी’ और ‘ग्रैनी विद ए स्वॉर्ड’ जैसे कई नामों से बुलाया जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News