डॉक्टर और नासा का वैज्ञानिक बनकर पांच औरतों को बनाया बेवकूफ,धोखे से की शादी

punjabkesari.in Saturday, Aug 05, 2017 - 07:59 PM (IST)

 श्रीनगर : जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक ऐसे महाठग को गिरफ्तार किया है, जो है तो 12वीं फेल लेकिन डॉक्टर से लेकर नासा के वैज्ञानिक तक की सारी डिग्रियां उसके पास हैं। यह महाठग अब तक 6 शादियां कर चुका है और महिलाओं से लाखों रुपये ऐंठ चुका है। बता दें कि पुलिस ने शिकायत के बाद इस महाठग को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
दरअसल जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा में मंजूर अहमद नाम के एक शख्स ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी कि एक शख्स ने खुद को आर्मी में डॉक्टर बताकर उससे लाखों रुपए हड़प लिए हैं।

मंजूर अहमद ने बताया कि आरोपी ने उनकी नौकरी लगवाने के नाम पर कई लोगों से 15000-15000 रुपए हड़प लिए और फरार हो गया। इसके बाद जब पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया उससे पुलिस की भी आंखे फटी की फटी रह गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ताहिर अहमद बुखारी कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके के वशकूरा गांव का रहने वाला है। आरोपी अलग अलग नामों से श्रीनगर, हंदवाड़ा, उड़ीसा, बरेली, महाराष्ट्र और राजस्थान की रहने वाली 6 महिलाओं से शादी कर उनसे लाखों रुपए हड़प चुका है।

सिर्फ दसवीं तक की है पढ़ाई
हैरानी की बात है कि इस दौरान इस महाठग ने खुद को कभी डॉक्टर तो कभी नासा का वैज्ञानिक बताया। इतना ही नहीं आरोपी के पास तो एम.बी.बी.एस. की फर्जी डिग्री भी है, जिसके दम पर आरोपी ने क्लीनिक भी खोल रखा था और कई अस्पतालों में डॉक्टर के तौर पर काम भी कर चुका था। बता दें कि आरोपी सिर्फ 10 वीं तक पढ़ा है और 12वीं फेल है।
पुलिस को जांच में आरोपी के मोबाइल में एक वीडियो क्लिप मिली है, जिसमें आरोपी एक मौलवी बना हुआ है और एक दरगाह पर कव्वाली गा रहा है। इस तरह आरोपी के कई रुप देखकर पुलिस भी चकरा गई है। वहीं आरोपी के अन्य साथियाों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिनकी मदद से उसने इन सारी ठगी को अंजाम दिया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News