दिल्ली पहुंचे महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, शिेंदे बीमार, कैबिनेट विस्तार में फंसा पेंच
punjabkesari.in Thursday, Aug 04, 2022 - 10:37 PM (IST)

नई दिल्लीः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार में देरी की अटकलों के बीच बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे। फडणवीस के राज्य में राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख जे. पी. नड्डा सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलने की उम्मीद है।
इस बीच महाराष्ट्र में सरकार बदलने के संबंध में उच्चतम न्यायालय में याचिकाओं पर सुनवाई जारी रही। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई में ही हैं। शिंदे का स्वास्थ्य खराब है और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी। शिंदे और फडणवीस ने क्रमशः 30 जून को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
कैबिनेट में अभी शिंदे और फडणवीस ही शामिल हैं और जाहिर तौर पर वे शीर्ष अदालत के फैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं। महाराष्ट्र में विपक्षी दलों ने मंत्रिमंडल के विस्तार में देरी को लेकर शिंदे और फडणवीस पर कटाक्ष किया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने ट्विटर पर कहा, ‘‘जैसा कि खबरों में कहा जा रहा है कि, एकनाथ शिंदे चिकित्सकों की आराम करने की सलाह पर अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर देते हैं, फिर देवेंद्र फडणवीस मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली जाते हैं। यह घटनाक्रम संयोग है या सबूत कि महाराष्ट्र सरकार को कौन आदेश दे रहा है?''