जवाहर लाल नेहरू भी बंद रहे हैं नाभा जेल में

punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2016 - 10:30 AM (IST)

चंडीगढ़: देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का नाम भी नाभा जेल के साथ जुड़ा हुआ है। नेहरू ने लगभग 2 सप्ताह नाभा की जेल में बिताए थे और तत्कालीन वायसराय के दखल के बाद ही नाभा रियासत द्वारा पंडित नेहरू व उनके 2 साथियों को जेल से छोड़ा गया था। इतिहास के पन्ने टटोलने पर पता चलता है कि 22 सितम्बर, 1923 को पंडित जवाहर लाल नेहरू, ए.टी. गिडवानी व के. सांतानम को नाभा रियासत में पाबंदी आदेश के बावजूद घुसने के कारण गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी जैतो पुलिस स्टेशन द्वारा की गई थी। कुछ घंटे जैतो थाने में रखने के बाद पंडित नेहरू व उनके साथियों को हथकडिय़ां लगाकर नाभा जेल लाया गया था।

के. सांतानम द्वारा लिखे मैमॉयर में कहा गया है कि जेल के कमरे बहुत छोटे, मिट्टी की लिपाई वाले थे। जब तक उन्हें वहां रखा गया तब तक जेल के स्टाफ को भी बात करने की इजाजत नहीं दी गई थी।  पंडित नेहरू व उनके साथियों की कोई खबर न मिलने के बाद उनके पिता मोती लाल नेहरू द्वारा उनके नाभा जेल में बंद होने का पता लगाया गया और तत्कालीन वायसराय के दखल के बाद पंडित नेहरू व अन्य को रिहा करवाया गया था। नाभा की मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल परिसर में इस संबंध में एक पट्टिका लगाकर भी जानकारी दी गई है। हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि पुराने समय में जेल मौजूदा जगह पर नहीं बल्कि किंग जॉर्ज पार्क के पास हुआ करती थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News