Viral Video: इजरायली सिंगर ने भारतीय कैप्टन स्मित के लिए गाया ''तुझमें रब दिखता है'' गाना, कहा- 180 जिंदगियां बचाने वाले जांबाज को शुक्रिया-सलाम
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 03:01 PM (IST)
Tel Aviv: दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान में जानलेवा हमले के बावजूद विमान को सुरक्षित बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की इजराइल में भी खूब चर्चा हो रही है। इजरायली गायक इताय बेन डेविड ने कैप्टन स्मित के सम्मान में हिंदी में फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ का मशहूर गीत ‘तुझमें रब दिखता है’ गाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे भारतीय कैप्टन के लिए खास सम्मान के तौर पर देख रहे हैं। इजरायली गायक इताय बेन डेविड ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह हिंदी नहीं बोल पाते, लेकिन वह बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को यह हिंदी गाना समर्पित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि स्मित ने दुबई से इजराइल जा रही उड़ान में सवार करीब 180 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद गायक ने हिंदी में ‘तुझमें रब दिखता है’ गीत गाया। उनकी आवाज में गाया गया यह गीत कैप्टन स्मित के प्रति सम्मान और आभार के संदेश के तौर पर सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
तुझमें रब दिखता है- इज़रायली सिंगर ने कैप्टन स्मित के लिए गाया गाना https://t.co/zAZ3uhVIp4
— Akhilesh Sharma (@akhileshsharma1) October 4, 2026
मामला 30 सितंबर का है। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके को-पायलट ने हमला कर दिया था। घटना के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे आया और कुछ ही समय में करीब 16 हजार फीट की ऊंचाई खो दी। हमले में कैप्टन स्मित को गंभीर चोटें आईं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने विमान पर नियंत्रण बनाए रखने और स्थिति को संभालने की कोशिश जारी रखी। वह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे, जिसके बाद चालक दल के सदस्य और कुछ यात्री अंदर पहुंच सके। कॉकपिट के अंदर पहुंचने के बाद चालक दल के सदस्यों और यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू किया। इसके बाद विमान का नियंत्रण दोबारा स्थापित किया गया। स्थिति संभलने के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात स्थिति में उतारा गया।
विमान में सवार सभी 180 यात्री सुरक्षित बताए गए। वहीं, कैप्टन स्मित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कैप्टन स्मित की बहादुरी की खबर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके लिए सम्मान और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। अब इजरायली गायक का हिंदी में गाया यह गीत इस कहानी को एक भावनात्मक रंग दे रहा है। वीडियो में एक इजरायली कलाकार का भारतीय कैप्टन के लिए हिंदी गीत के जरिए आभार व्यक्त करना लोगों का ध्यान खींच रहा है। यह गीत 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ का है और इसके जरिए इताय बेन डेविड ने कैप्टन स्मित मच्छार को सम्मान देने की कोशिश की है।
