ऑस्ट्रेलिया में शानदार जॉब और घर छोड़ भारत में बसा विदेशी युवक; बोला- कनाडा व UK-US सब बेकार, इंडिया से हर दिन बढ़ रहा प्यार(Video)
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 12:42 PM (IST)
New Delhi: जिस भारत को छोड़कर लाखों युवा बेहतर अवसरों की तलाश में विदेश जाने का सपना देखते हैं, उसी भारत ने एक ऑस्ट्रेलियाई युवक को इतना अपना बना लिया कि उसने अकाउंटेंट की नौकरी, घर और अपनी पुरानी जिंदगी छोड़कर भारत में बसने का फैसला कर लिया। 2019 में महज तीन महीने के काम के लिए भारत आया एंडी इवांस अब यहां पूर्णकालिक कंटेंट क्रिएटर है। उसका कहना है कि वह आज अपने सपनों से भी बेहतर जिंदगी जी रहा है। ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले एंडी इवांस भारत में ‘ऑसी भाई’ के नाम से मशहूर हैं। इंस्टाग्राम पर उनका अकाउंट theaussiebhai है, जहां वह भारत, भारतीय संस्कृति और यहां के जीवन से जुड़े वीडियो साझा करते हैं।एंडी ने बताया कि वह 2019 में ऑस्ट्रेलिया की कंपनी KPMG में अकाउंटेंट के तौर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें भारत में तीन महीने के एक प्रोजेक्ट पर आने का मौका मिला। वह तीन महीने के लिए भारत आए थे, लेकिन यहां का माहौल उन्हें इतना पसंद आया कि उनका प्रवास करीब एक साल तक बढ़ गया।भारत में रहने के दौरान एंडी को यहां की संस्कृति, लोगों और सामाजिक जीवन का अनुभव करीब से मिला।
हालांकि 2020 की शुरुआत में कोरोना महामारी आने के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया वापस लौटना पड़ा। इसके बाद वह अपनी सामान्य जिंदगी में लौट गए। लेकिन भारत के साथ उनका जुड़ाव खत्म नहीं हुआ। करीब तीन साल बाद उनके एक भारतीय दोस्त ने उन्हें अपनी शादी में शामिल होने के लिए भारत बुलाया। एंडी दोबारा भारत आए तो उन्हें यहां पहले से भी ज्यादा अपनापन महसूस हुआ। उनके दोस्त ने उनसे कहा कि अगर उन्हें भारत इतना पसंद है तो वह वापस आकर यहां रह सकते हैं। दोस्त की यह बात एंडी के लिए सिर्फ एक सुझाव नहीं रही। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की नौकरी, घर और अपनी पुरानी जिंदगी छोड़ने का फैसला कर लिया। खास बात यह थी कि उनके पास भारत आने के बाद क्या करेंगे, इसका कोई स्पष्ट खाका भी नहीं था। वह बिना किसी तय नौकरी या पक्की योजना के भारत आ गए।
एंडी का कहना है कि उन्होंने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि उन्हें भारत में रहना पसंद था और वह यहां अपनी जिंदगी को अलग तरीके से जीना चाहते थे।अपने एक वीडियो में एंडी ने बताया कि लोग आमतौर पर बेहतर जिंदगी के लिए ब्रिटेन, कनाडा, अमेरिका या बाली जैसे स्थानों का रुख करते हैं, लेकिन उन्होंने भारत में रहने का फैसला किया। उनके मुताबिक, यह उनकी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ। एंडी ने भारत की ऊर्जा, समुदाय और संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि इस देश ने उन्हें वह इंसान बनने का अवसर दिया, जो वह हमेशा से बनना चाहते थे। उन्होंने कहा कि वह आज ऐसी जिंदगी जी रहे हैं जो उनके सपनों से भी बेहतर है और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी जिंदगी इस तरह बदल सकती है।
भारत लौटने के कुछ महीने बाद एंडी ने वीडियो बनाना शुरू किया। शुरुआत में वह उन छात्रों के लिए सामग्री तैयार करते थे जो ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने की योजना बना रहे थे। उनका काम लोगों को पसंद आया और धीरे-धीरे उन्होंने पूर्णकालिक कंटेंट क्रिएशन को अपना पेशा बना लिया। अब एंडी यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भारत से जुड़े वीडियो बनाते हैं और बड़े ब्रांड्स के साथ काम करते हैं। ब्रांड सहयोग के जरिए उनकी अच्छी कमाई भी हो रही है। एंडी के मुताबिक, भारत आने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उनके लिए यह सिर्फ नौकरी छोड़कर किसी दूसरे देश में रहने का फैसला नहीं था, बल्कि अपनी पसंद की जिंदगी चुनने का मौका था।
