''आतंकवादी या सिरफिरा'', फ्लाईदुबई के को-पायलट पर बोले ट्रंप; भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को बताया हीरो

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 08:19 AM (IST)

वॉशिंगटन डीसी : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हवा में हुए हमले के बारे में इजाराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। इस हमले में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को उनके को-पायलट ने चाकू मार दिया था जिसने कथित तौर पर प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की थी। इस घटना के बारे में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने नेतन्याहू से इस भयानक हमले के बारे में बात की और हमलावर को 'शायद आतंकवादी या शायद कोई सिरफिरा' बताया, साथ ही कैप्टन को हीरो कहा। 

ट्रंप ने कहा, 'मैंने इस घटना के बारे में बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। ऐसा लगता है कि को-पायलट शायद आतंकवादी था या कोई सिरफिरा, और उसने पायलट को चाकू मार दिया। पायलट की हालत बहुत खराब थी। लेकिन एक तरह से, दरवाजा खोलकर उसने हीरो जैसा काम किया।' ट्रंप ने हमलावर को काबू करने में यात्री की "अद्भुत" मदद की भी तारीफ की। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार बीच-बचाव करने वाले इजराइली व्यक्ति की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा कि 'एक इजराइली प्लंबर, जिसे फ्लाइंग का कोई अनुभव नहीं था, तुरंत हरकत में आया' जब प्लेन जमीन की ओर तेजी से नीचे गिर रहा था। ट्रंप ने बताया कि यात्री ने चीखें सुनीं, वह तेजी से फ्लाइट डेक की ओर भागा और कथित हमलावर को पायलट की सीट से खींचकर बाहर निकाला। 

CNN की रिपोर्ट के अनुसार फ्लाईदुबई के यात्री यानीव हायौन ने इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मुलाकात की और कॉकपिट में घुसने की अपनी कोशिश के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने और दूसरे यात्रियों ने कथित हमलावर को रोकने के लिए दखल दिया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने उस आदमी को चोकहोल्ड (गले से पकड़कर काबू करना) में लिया, उसे कॉकपिट से बाहर खींचा और फिर प्लेन का कंट्रोल संभालने के लिए वापस लौटे। 

नेतन्याहू ने यात्री को 'असली हीरो' बताया और X पर एक पोस्ट में लिखा, 'यानीव, तुम एक असली हीरो हो। हम शेरों की कौम हैं!' फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक क्रू मेंबर और यात्रियों के दखल देने से पहले विमान हजारों फीट नीचे आ चुका था जिसके बाद विमान सऊदी अरब में सुरक्षित उतरा। अधिकारी हमले के मकसद की जांच कर रहे हैं। कैप्टन मच्छार और यात्रियों की बहादुरी की भारतीय और इजराइली राजनयिक मिशनों के साथ-साथ ग्लोबल एविएशन कम्युनिटी ने भी खूब तारीफ की है। 

पायलट की तारीफ़ करते हुए इजराइल के विदेश मंत्रालय ने कैप्टन मच्छार को हीरो बताया और कहा कि कॉकपिट में चाकू मारे जाने के बाद भी कैप्टन ने मुकाबला किया और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। X पर एक पोस्ट में कहा गया, 'यह व्यक्ति एक हीरो है। फ्लाईदुबई फ्लाइट 1073 के भारतीय कैप्टन, कैप्टन स्मित मच्छार ने कॉकपिट में चाकू मारे जाने के बाद मुकाबला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे जिससे इजराइली यात्रियों और अमीराती क्रू को दखल देने और सभी यात्रियों को बचाने का मौका मिला। उनकी असाधारण हिम्मत ने 174 लोगों की जान बचाई। भारतीय-इजराइली-अमीराती। अलग-अलग राष्ट्रीयताएं। हिम्मत का एक असाधारण काम। हम कैप्टन मच्छार के पूरी तरह और जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।' 

कॉकपिट में एक अनुभवी व्यक्ति के तौर पर कैप्टन मच्छार के पास 13 साल से ज्यादा का कमर्शियल अनुभव है। उन्हें एविएशन का अच्छा अनुभव है और उन्होंने कुल 9,750 घंटे उड़ान भरी है जिसमें ज्यादातर समय बोइंग 737 (B737) विमान उड़ाया है। फ्लाईदुबई में शामिल होने से पहले उन्होंने एक भारतीय एयरलाइन के साथ 11 साल तक शानदार काम किया, जहां वे लाइन ट्रेनिंग कैप्टन थे। इस बीच CNN की रिपोर्ट के अनुसार, एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को हवा में हुई घटना की जांच चल रही है, इसलिए फ्लाईदुबई कुछ समय के लिए इजराइल आने-जाने वाली उड़ानें रोक देगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News