IT कंपनी के मैनेजर ने पत्नी से तंग आकर रोते हुए बनाया वीडियो, फिर ली जान – आगरा में दिल दहला देने वाली घटना
punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2025 - 11:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क: आगरा के डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले मानव शर्मा (35 वर्ष) ने 24 फरवरी को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मानव एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में रिक्रूटमेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक मार्मिक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में मानव रोते हुए कहते हैं कि उनकी पत्नी के चरित्र पर उन्हें संदेह है और वह उनके साथ लगातार दुर्व्यवहार करती थीं। उन्होंने यह भी बताया कि वह पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे, लेकिन अपनी पत्नी के व्यवहार से इतना तंग आ चुके थे कि उन्हें कोई और रास्ता नहीं सूझ रहा था।
वीडियो में बयां किया दर्द
मानव ने अपने 6 मिनट 57 सेकंड के वीडियो में कहा, "पापा सॉरी, मम्मी सॉरी, अक्कू सॉरी... अब मैं विदा ले रहा हूं।" उन्होंने पुरुषों के लिए कानून बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा, "पुरुषों को प्रोटेक्ट करने के लिए लॉ की जरूरत है। प्लीज मर्दों के बारे में कोई तो बात करे, वे बहुत अकेले हो जाते हैं।" उन्होंने अपने माता-पिता से अपील की कि वे उनके जाने के बाद परेशान न हों। वीडियो के अंत में, मानव ने फंदा अपने गले में कसा और फांसी पर झूल गए।
अक्सर उनसे झगड़ा करती थीं पत्नी
मानव के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके बेटे की शादी पिछले साल ही हुई थी। नौकरी के कारण मानव अपनी पत्नी को मुंबई ले गए थे। लेकिन वहां उनकी पत्नी अक्सर उनसे झगड़ा करती थीं और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थीं। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बहू का किसी और के साथ संबंध था। फरवरी के अंत में, मानव अपनी पत्नी को लेकर आगरा लौटे। आगरा आते ही उनकी पत्नी अपने मायके चली गई। मानव के पिता का आरोप है कि बहू के मायके वालों ने उनके बेटे को धमकाया और उनकी बहू भी उन्हें प्रताड़ित करती थी। इसी मानसिक तनाव के चलते मानव ने आत्महत्या कर ली।
बेंगलुरु के अतुल सुभाष मामले की याद ताजा
इस घटना ने बेंगलुरु के अतुल सुभाष आत्महत्या मामले की याद ताजा कर दी है, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों मामलों में पीड़ितों ने अपनी पत्नियों पर मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मानव के परिवार और उनकी पत्नी के परिवार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।