Sonam Killed Raja: सोनम के वो तीन इशारे… जिन्हें समझ लेता राजा, तो बच सकती थी उसकी जान

punjabkesari.in Monday, Jun 09, 2025 - 04:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: इंदौर और शिलांग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राजा रघुवंशी हत्याकांड के सभी मुख्य आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं। यह मामला जितना रहस्यमयी था, उससे कहीं ज़्यादा चौंकाने वाले इसके खुलासे हैं। जिस सोनम को शुरुआत में एक लापता पत्नी और संभावित पीड़िता समझा जा रहा था, वो ही इस मर्डर ड्रामे की मास्टरमाइंड निकली। महज 28 दिन पुरानी शादी के बाद हनीमून के बहाने पति को ऐसी जगह ले जाया गया, जहां से उसकी ज़िंदगी की वापसी नामुमकिन थी।

 हनीमून का बहाना, लेकिन इरादा था कत्ल

11 मई को शादी, 20 मई को गुवाहाटी पहुंचना और फिर अचानक मेघालय जाने की योजना—ये सब कुछ एक सामान्य हनीमून की तरह लग सकता था। लेकिन सच्चाई इससे बहुत अलग और खौफनाक थी। राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम ने मेघालय जाने की योजना खुद बनाई थी, टिकट भी उसी ने बुक किए थे। ये वही सोनम थी, जिसे बाद में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया।

 राजा को ऐसे ले जाया गया मौत की तरफ

परिवार वालों के अनुसार, राजा बिना प्लानिंग कहीं नहीं जाता था, लेकिन इस बार उसने एक ऐसी अनजान और जोखिम भरी जगह का रुख किया, जो उसकी जिंदगी की आखिरी मंजिल बन गई। मेघालय के जिस इलाके से उसकी लाश मिली, वह पहले भी खतरनाक घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि सोनम ने ही राजा को उस दिशा में जाने के लिए मनाया।

लव अफेयर बना हत्या की वजह

सूत्रों की मानें तो सोनम का अफेयर राज कुशवाहा नामक युवक से था, जो उसके पिता की कंपनी में काम करता था। दोनों के रिश्ते शादी से पहले ही गहरे हो चुके थे। शादी को खत्म करने और राज से संबंध बनाए रखने के लिए सोनम ने एक भयावह साजिश रची—अपने पति की हत्या।

 हत्या के लिए रखे गए कॉन्ट्रैक्ट किलर

सोनम ने राज कुशवाहा समेत तीन लोगों को इस हत्या के लिए सुपारी दी। ये तीनों हत्यारे शिलॉन्ग में सोनम और राजा के साथ देखे भी गए थे। एक स्थानीय गाइड ने पुलिस को बताया कि उसने 23 मई की सुबह कपल को तीन अजनबियों के साथ देखा था, जो लगातार हिंदी में बात कर रहे थे। ये इत्तेफाक नहीं था, बल्कि एक साजिश की परत थी जो खुलने वाली थी।

 गिरफ्तारी और खुलासा

राजा की लाश 2 जून को एक खाई से बरामद हुई थी, लेकिन सोनम का कोई सुराग नहीं था। इसके बाद पुलिस ने एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया। 9 जून को सोनम को यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया। उसी दिन उसके प्रेमी राज कुशवाहा को भी पकड़ा गया। इससे पहले पुलिस तीन अन्य हत्यारों को भी हिरासत में ले चुकी थी।

 जांच का अगला कदम

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल कराया है और उन्हें जिला अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। सोनम से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की योजना से जुड़ी हर परत को उधेड़ा जा सके।

 एक शादी, तीन इशारे और एक कत्ल

राजा के परिवार का कहना है कि सोनम की हरकतें शुरू से संदिग्ध थीं:

  1. हनीमून का पूरा प्लान सोनम ने खुद बनाया।

  2. गुवाहाटी से मेघालय का अचानक प्लान।

  3. बिना किसी रिसर्च के राजा का खतरनाक इलाके में जाना।

इन सभी संकेतों को अगर समय रहते समझा जाता, तो शायद राजा की जान बच सकती थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News