2024 के लिए दिल्ली में होगा ''INDIA'' का सचिवालय, मुंबई में होगी अगली बैठक

punjabkesari.in Tuesday, Jul 18, 2023 - 05:49 PM (IST)

नेशनल डेस्कः बेंगुलुरू में विपक्ष की दो दिवसीय बैठक मंगलवार को खत्म हो गई। अब अगली बैठक मुंबई में होगी। मुंबई में होने वाली बैठक में विपक्ष का संयोजक तय किया जाएगा। वहीं, सोमवार और मंगलवार को कर्नाटक की राजधानी में देश के अलग-अलग हिस्सों से राजनेता पहुंचे और लोकसभा चुनाव में भाजपा के विजयी रथ को रोकने पर मंथन किया। इस बैठक में विपक्ष ने संयुक्त नाम दिया है,’INDIA’ मतलब इंडियन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस।

विपक्षी दलों की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमारे गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)' होगा। सभी ने एक स्वर में इस प्रस्ताव का समर्थन किया।'' उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन में 11 सदस्यों की एक समन्वय समिति बनाई जाएगी और महाराष्ट्र के मुंबई में होने वाली अगली बैठक में इसके सदस्यों के नामों की घोषणा की जाएगी।

खरगे ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव प्रचार के प्रबंधन के लिए दिल्ली में एक साझा सचिवालय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘देश और देश के लोगों को बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हमने आपसी मतभेदों को पीछे रखने का फैसला किया है।'' इससे पहले, इस नाम का संकेत देते हुए कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘इंडिया की जीत होगी।'' तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओब्रायन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘चक दे इंडिया।'' 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया' जीतेगा, भाजपा हारेगी। ममता ने सवाल किया कि भाजपा और राजग, क्या आपलोग ‘इंडिया' को चुनौती दे सकते हैं। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार को जनता ने दस साल दिए। लेकिन भाजपा ने दस साल में देश को बर्बाद कर दिया। इकॉनोमी से लेकर रेल तक का बेड़ा गर्क कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एयरपोर्ट से लेकर आसमान तक बेच दिया है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जब हम चर्चा कर रहे थे, तो हमने खुद से ये सवाल पूछा कि लड़ाई किसके बीच है। यह लड़ाई विपक्ष और भाजपा के बीच नहीं है। देश की आवाज को दबाया और कुचला जा रहा है। यह देश की आवाज के लिए लड़ाई है। इसीलिए यह ‘इंडिया' नाम चुना गया।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह लड़ाई एनडीए और इंडिया के बीच है। नरेंद्र मोदी जी और इंडिया के बीच लड़ाई है, उनकी विचारधारा और इंडिया के बीच है। जब कोई हिंदुस्तान के सामने खड़ा होता है, तो जीत किसकी होती है यह बताने की जरूरत नहीं है।'' राहुल गांधी ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों की अगली बैठक मुंबई में होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने तय किया है कि एक कार्य योजना तैयार करेंगे, जहां हम अपनी विचारधारा और देश के लिए जो करने जा रहे हैं, उसके बारे में बताया जाएगा।'' 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुग खडगे सहित 26 विपक्षी दलों ने आज वर्ष 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले ठबंधन की रूपरेखा और साझा कार्यक्रम समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राकांपा प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार, द्रमुक नेता एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कुछ अन्य नेता इस बैठक में शामिल हुए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News