ओडिशा गैंगरेप केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, चार नाबालिग समेत 10 लोगों को किया अरेस्ट
punjabkesari.in Wednesday, Jun 18, 2025 - 01:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ओडिशा के प्रसिद्ध गोपालपुर समुद्र तट पर एक 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में चार नाबालिगों सहित 10 लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी, जिसके बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है।
क्या हुई घटना?
पुलिस के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना रविवार रात की है। पीड़िता,अपने दोस्त के साथ ओडिशा के एक बीच पर गई थी। युवती ने गोपालपुर थाने में दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि जब वे दोनों समुद्र तट पर एक सुनसान जगह पर बैठे थे, तभी 10 लोगों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसके प्रेमी को पकड़ा और फिर बारी-बारी से युवती के साथ बलात्कार किया।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी-
पुलिस अधिकारियों ने मीडिया एजेंसी को बताया कि शुरुआती पूछताछ के लिए सात लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दूसरे राज्य में भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्हें धर दबोचा गया।
गंजाम के पुलिस अधीक्षक (SP) श्रवण विवेक एम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि "तीन आरोपियों ने बारी-बारी से युवती का बलात्कार किया, जबकि सात अन्य उनके आसपास खड़े थे।" उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले की जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। एसपी ने जोर देकर कहा कि पुलिस अदालत से अनुरोध करेगी कि जिन नाबालिगों ने इस जघन्य अपराध में भाग लिया है, उन्हें बालिग मानकर उन पर मुकदमा चलाया जाए। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी करा लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता तीन अन्य महिलाओं के साथ एक निजी मेस में रहती है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना से पूरे राज्य में भारी आक्रोश है, क्योंकि गंजाम जिले का यह समुद्र तट दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों के लिए एक लोकप्रिय और सुरक्षित माने जाने वाला स्थल है। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने गंजाम के एसपी श्रवण विवेक एम से बात की है और इस मामले की पूरी जांच करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने इस घटना को बेहद चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि "गोपालपुर समुद्र तट पर महिला से सामूहिक बलात्कार की खबर बेहद स्तब्ध करने वाली है और इससे हर कोई हिल गया है। यह कृत्य निंदनीय है। पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।" उन्होंने आगे कहा कि "सरकार को महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए सतर्क रहना चाहिए और कड़े कदम उठाने चाहिए।" कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने भी इस घटना पर गहरा दुख और सदमा व्यक्त किया है।