IMD Alert : 16, 17, 18 और 19 मार्च को जमकर बरसेंगे बादल... इन राज्यों में होगी भारी बारिश
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 10:17 PM (IST)
नेशनल डेस्क : देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गर्मी के बढ़ते असर के बीच प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं, जिसके चलते कई राज्यों में बादल सक्रिय हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। India Meteorological Department (आईएमडी) ने 16 से 19 मार्च के बीच कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव से तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज
राजस्थान में भी प्री-मानसून की सक्रियता देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 19 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का रुख बदलने लगा है। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य के कई हिस्सों में 16 से 19 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर 16 और 19 मार्च को कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि 17 और 18 मार्च को भी हल्की से मध्यम बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान तेज हवा चलने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार देश के कई अन्य राज्यों में भी प्री-मानसून का असर दिखाई देगा। दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।
कई इलाकों में हल्की बारिश भी संभव
भारी बारिश के अलावा देश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, मध्य, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
