भारत-पाकिस्तान में युद्ध हुआ तो कौन जीतेगा? GROK AI का चौंकाने वाला जबाव
punjabkesari.in Tuesday, Apr 29, 2025 - 12:50 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव चरम पर है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच युद्ध की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच एआई चैटबॉट GROK AI से पूछा गया कि अगर युद्ध हुआ तो कौन जीतेगा। GROK ने सामरिक ताकत से लेकर परमाणु नीति तक का बारीकी से विश्लेषण करते हुए चौंकाने वाला जवाब दिया है। आइए आसान भाषा में समझते हैं पूरा विश्लेषण।
GROK AI के मुताबिक, भारत के पास करीब 14.5 लाख सक्रिय सैनिक हैं। इसके अलावा रिजर्व फोर्स और अर्धसैनिक बल भी बड़ी संख्या में हैं। वहीं पाकिस्तान के पास 6.5 लाख सक्रिय सैनिक हैं। सेना के आकार के मामले में भारत पाकिस्तान से कहीं आगे है। ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स 2025 के अनुसार, भारत दुनिया में चौथे स्थान पर है जबकि पाकिस्तान 12वें नंबर पर आता है।
रक्षा बजट में भी भारत का पलड़ा भारी
2025 में भारत का रक्षा बजट 58 से 75 अरब डॉलर के बीच है। इतना बड़ा बजट भारत को आधुनिक हथियारों, नई तकनीक और प्रशिक्षण में निवेश करने की ताकत देता है। इसके मुकाबले पाकिस्तान का रक्षा बजट महज 7.6 से 11 अरब डॉलर के बीच है। बजट के लिहाज से भी पाकिस्तान भारत के मुकाबले कहीं पीछे है।
हथियार और तकनीक में भारत आगे
भारत के पास राफेल और सुखोई-30 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान हैं। इसके अलावा स्वदेशी मिसाइलें जैसे ब्रह्मोस और अग्नि, अर्जुन टैंक और आईएनएस विक्रांत जैसे विमानवाहक पोत भारत की ताकत बढ़ाते हैं। भारत की साइबर और अंतरिक्ष युद्ध क्षमता भी तेजी से बढ़ रही है। वहीं पाकिस्तान के पास जेएफ-17, एफ-16 लड़ाकू विमान, अल-खालिद टैंक और बाबर क्रूज मिसाइलें हैं। हालांकि तकनीक और आधुनिकता में पाकिस्तान भारत से पीछे है।
परमाणु हथियार: किसके पास ज्यादा ताकत?
GROK AI के अनुसार, भारत के पास अनुमानित 150-200 परमाणु हथियार हैं। भारत 'नो फर्स्ट यूज' (पहले हमला नहीं करने) की नीति पर चलता है।
पाकिस्तान के पास भी 165-200 परमाणु हथियार बताए जाते हैं। लेकिन पाकिस्तान की नीति 'फर्स्ट यूज' (पहले हमला करने) की है, यानी खतरे की स्थिति में वह परमाणु हमला कर सकता है।
परमाणु युद्ध की स्थिति में दोनों देशों को भारी तबाही का सामना करना पड़ेगा।
इतिहास में भारत का रहा दबदबा
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक चार बड़े युद्ध हुए हैं —
-
1947-48 (प्रथम कश्मीर युद्ध)
-
1965 (दूसरा कश्मीर युद्ध)
-
1971 (बांग्लादेश मुक्ति युद्ध)
-
1999 (कारगिल युद्ध)
हर युद्ध में भारत ने रणनीतिक बढ़त हासिल की है। 1971 में तो भारत ने पाकिस्तान को विभाजित कर बांग्लादेश को स्वतंत्रता दिला दी थी।
परमाणु युद्ध हुआ तो हार किसकी होगी?
GROK AI का विश्लेषण कहता है कि अगर परमाणु युद्ध हुआ तो दोनों देशों को अपार नुकसान होगा। लाखों लोग मारे जाएंगे और आर्थिक, सामाजिक तथा पर्यावरणीय तबाही होगी। ऐसी स्थिति में कोई भी देश जीत नहीं पाएगा। दोनों देश और पूरा दक्षिण एशिया तबाही के कगार पर पहुंच जाएगा।