पाकिस्तान में 100 साल पुराने हिंदू मंदिर तोड़े जाने से भड़का भारत, कहा - 'दोषियों के खिलाफ...'
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 11:14 PM (IST)
नई दिल्लीः भारत ने बुधवार को पाकिस्तान के नरोवाल क्षेत्र में 100 साल से ज्यादा पुराने एक हिंदू मंदिर को कथित तौर पर नष्ट किए जाने की कड़ी निंदा की और इस्लामाबाद से मांग की कि वह इस घटना की तुरंत जांच करे तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराए। नई दिल्ली ने यह भी कहा कि पाकिस्तान को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए और अपने सभी अल्पसंख्यक नागरिकों तथा उनकी सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा, संरक्षा एवं भलाई सुनिश्चित करने की अपनी मुख्य ज़िम्मेदारी पूरी करनी चाहिए।
Official Spokesperson’s response to media queries regarding reported demolition of a century-old Hindu temple in Pakistan
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) September 2, 2026
🔗 https://t.co/jPd7WzGdUD pic.twitter.com/iFn4ElXT2m
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ''हमने पाकिस्तान में नरोवाल ज़िले के सिराज गांव में एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर के तोड़े जाने की परेशान करने वाली खबरों पर गहरी चिंता जताई है। हम अल्पसंख्यक समुदाय के इस एक सदी पुराने पूजा-स्थल पर की गई तोड़-फोड़ की घटना की कड़ी निंदा करते हैं।'' उन्होंने कहा, ''अधिकारियों की साफ़ तौर पर दिख रही उदासीनता और एक सदी पुराने इस मंदिर की सुरक्षा करने में विफलता चिंताजनक है।''
जायसवाल इस घटना के बारे में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, ''हम पाकिस्तान सरकार से मांग करते हैं कि वह इस घटना की तुरंत और पारदर्शी जांच करे तथा यह सुनिश्चित करे कि इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाए।''
