Dhanteras 2025: धनतेरस पर अगर सोना-चांदी खरीदना मुश्किल है, तो घर में लाएं ये चीजें; होगा सुख-समृद्धि का वास
punjabkesari.in Sunday, Oct 12, 2025 - 12:32 PM (IST)
नेशनल डेस्क : धनतेरस, दिवाली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है और इसे धनत्रयोदशी भी कहते हैं। यह कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन घर-परिवार में सुख, समृद्धि और ऐश्वर्य का आगमन होता है। हिंदू धर्म में इसे बहुत शुभ माना जाता है और इस अवसर पर सोना, चांदी और अन्य शुभ वस्तुएं खरीदकर मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है।
इस बार धनतेरस 18 अक्टूबर, शनिवार को मनाया जाएगा। त्रयोदशी तिथि दोपहर 12 बजकर 18 मिनट से शुरू होकर 19 अक्टूबर, रविवार को दोपहर 1 बजकर 51 मिनट तक रहेगी। खास बात यह है कि हिंदू धर्म में उदयातिथि को विशेष महत्व दिया जाता है, यानी वह तिथि जो सूर्योदय के समय हो।
यह भी पढ़ें - Gold Price Today: धनतेरस से पहले सोने के दामों में जबरदस्त उछाल, जानें दिल्ली समेत बाकी शहरों में क्या है रेट
धनतेरस पर क्या खरीदें:
धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना सबसे शुभ माना जाता है। लेकिन अगर यह संभव न हो, तो अन्य कई वस्तुएं भी घर में समृद्धि लाती हैं:
1. पीतल – इसे भगवान धन्वंतरि की धातु माना जाता है। पीतल के बर्तन खरीदने से घर में आरोग्य, सौभाग्य और 13 गुना धन लाभ की मान्यता है।
2. झाड़ू – नया झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। इसे मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है और यह घर से दरिद्रता दूर करता है। घर में लाकर पूजा करने के बाद इसका उपयोग करें।
3. धनिया – धनिया को धन का प्रतीक माना जाता है। धनतेरस पर इसे खरीदकर मां लक्ष्मी को अर्पित करने के बाद तिजोरी या धन के स्थान पर रखने से बरकत आती है।
4. गोमती चक्र – इसे पवित्र और चमत्कारी माना जाता है। 11 गोमती चक्र लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
5. कौड़ी – पीली कौड़ी को मां लक्ष्मी से जुड़ा माना जाता है। इसे खरीदकर हल्दी में रंगें और दिवाली की रात पूजा के बाद तिजोरी में रखें। इससे घर में धन का प्रवाह बना रहता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि धनतेरस पर ये खरीदारी न केवल शुभ मानी जाती है बल्कि इससे घर में समृद्धि और खुशहाली भी बनी रहती है।
