दुबई से लौटते ही पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर कर ली आत्महत्या; क्या है पूरा मामला?

punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 11:57 PM (IST)

बेंगलुरुः बेंगलुरु में एक नर्स की उसके पति ने कथित तौर पर हत्या करने के बाद उल्लाल स्थित अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

यह घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे प्रकाश में आई। रात को पीड़िता के पिता पेरियास्वामी अपने रिश्तेदारों के साथ तुमकुरु से लौटे और उन्होंने सरकारी प्रेस लेआउट स्थित अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया था। घर के मालिक से अतिरिक्त चाबी प्राप्त करने के बाद वे अंदर गए जहां उनकी बेटी मंजू (27) और उसके पति धर्मसीलन (29) के शव एक ही कमरे में थे। पेरियास्वामी ने मंजू का गला रेतकर हत्या करने के मामले में शिकायत दर्ज करवाई। मंजू का गला रेता हुआ शव वहां मिला था जबकि धर्मसीलन पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। 

उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मसीलन ने मंजू की हत्या करने के बाद आत्महत्या की होगी। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मंजू अपने माता-पिता के साथ रह रही थीं जबकि उसका पति तमिलनाडु के पिन्नालावड़ी गांव का एक मजदूर था और वह दुबई में काम करता था। दंपति ने सितंबर 2022 में शादी की थी। 

धर्मसीलन करीब एक महीने पहले भारत लौट आया और तमिलनाडु में मंजू के साथ रहने लगा। बाद में मंजू काम के लिए बेंगलुरु लौट आई और घटना से तीन दिन पहले धर्मसीलन ने पेरियास्वामी को बताया था कि वह बेंगलुरु आ गया है तथा वहीं रहकर काम कर रहा है लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि वह मंजू के साथ उसके घर पर रह रहा था या नहीं। पेरियास्वामी ने कहा कि उन्हें दंपति के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं है। पुलिस कथित हत्या-आत्महत्या की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News