''वंदे भारत एक्सप्रेस'' में खराब खाना परोसना पड़ा भारी, रेलवे ने अपनी ही कंपनी IRCTC पर ठोका लाखों का जुर्माना,जानें क्या है पूरा मामला?
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 10:29 PM (IST)
नेशनल डेस्कः भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। खराब खाना परोसने के मामले में कुल 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। रेलवे ने अपनी ही कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना ठोका है, जबकि संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का दंड लगाया गया है।
यात्री की शिकायत बनी कार्रवाई की वजह… 15 मार्च की घटना पर सख्ती
जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 (पटना–टाटानगर Vande Bharat Express) में भोजन की गुणवत्ता को लेकर यात्री ने शिकायत की थी। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने तुरंत जांच की और कार्रवाई की।
IRCTC पर 10 लाख का जुर्माना… सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख का दंड और कॉन्ट्रैक्ट खत्म
कार्रवाई के तहत IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाने के साथ उसका कॉन्ट्रैक्ट भी समाप्त करने का आदेश दिया गया है। इस तरह कुल मिलाकर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जो रेलवे की सख्त नीति को दर्शाता है।
हर दिन 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को खाना… इतनी बड़ी जिम्मेदारी IRCTC के पास
बता दें कि भारतीय रेलवे, IRCTC के जरिए अपने विशाल नेटवर्क में रोजाना 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराता है। IRCTC ट्रेनों में वेज और नॉन-वेज भोजन की व्यवस्था करती है। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर फूड प्लाजा और रिटायरिंग रूम में भी खाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
