दीवाली पर कैसा रहेगा हिमाचल प्रदेश का मौसम, IMD ने दी गुड न्यूज

punjabkesari.in Friday, Oct 25, 2024 - 10:54 PM (IST)

नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में पिछले एक महीने से बादल नहीं बरसे हैं। आगामी एक हफ्ते भी मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अक्टूबर तक राज्य में कहीं भी बारिश-बफर्बारी नहीं होगी। दिवाली का त्यौहार भी 31 को ही है। ऐसे में दिवाली के जश्न में मौसम खलल नहीं डालेगा। 

शुष्क मौसम के कारण राज्य के औसतन अधिकतम व न्यूनतम तापमान में खास गिरावट नहीं आएगी। हालांकि जनजातीय इलाकों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में पारे के लुढ़कने के आसार हैं। लाहौल-स्पीति में पिछले कुछ दिनों से रात का पारा जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है और यहां प्राकृतिक जल स्रोतों,नदी-नालों व झरनों का पानी जमना शुरू हो गया है। 

शुक्रवार को लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और यह सबसे ठंडा स्थल रहा। लाहौल-स्पीति के ही कुकुमसेरी में पारा 1.1 डिग्री, केलाग में 1.9 डिग्री और समधो में 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री और रिकांगपिओ में 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हिल्स क्वीन शिमला की रातें मैदानी इलाकों से गर्म बनी हुई हैं। शिमला में न्यूनतम पारा 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है। मैदानी इलाकों में शिमला से ज्यादा ठंड है। 

ऊना में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री, सुंदरनगर में 9.9 डिग्री, सोलन में 10, कांगड़ा व पालमपुर में 11.5 डिग्री, मंडी में 12.7 डिग्री, बिलासपुर में 13.2 डिग्री, हमीरपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अपने शहरों की बात करें तो चंबा में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, डलहौजी में 16.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.8 डिग्री, कुफरी में 12.1 डिग्री, नारकंडा में 9.8 डिग्री भरमौर में 11.1 डिग्री, कसौली में 16.9 डिग्री और पांवटा साहिब में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News