गुजरात में भाजपा की एतिहासित जीत लेकिन हिमाचल ने लगाया 'डेंट', इतिहास में दर्ज होगा ये चुनाव

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 10:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारत में हर साल किसी न किसी राज्य में चुनाव होते रहते हैं। कहीं विधानसभा के चुनाव तो कहीं निकाय चुनाव। भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पांच साल में चुनाव कराए जाते हैं। चुनावों में सरकारें बनती, बिगड़ती हैं। कोई सत्ता का सुख भोगता है तो कोई विपक्ष मे रहकर जनता के मुद्दे उठाता है। ऐसे ही गुजरात और हिमाचल में नवंबर और दिसंबर में विधानसभा चुनाव हुए। दोनों राज्यों के चुनावी नतीजे गुरुवार यानी 8 दिसंबर को घोषित कर दिए गए। गुजरात में भाजपा ने अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल करते हुए अपने और विपक्ष के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास बनाया है। लेकिन भाजपा की इस जीत में हिमाचल ने फीका कर दिया या यूं कहें कि एक काला धब्बा लगा दिया। ये चुनाव इतिहास में याद किया जाएगा।

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में 182 सीटों में से 156 सीटों पर जीत दर्ज की है। गुजरात की स्थापना से लेकर अब तक की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले कांग्रेस ने वर्ष 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुवाई में 149 सीटें जीतीं थी। लेकिन भाजपा ने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान रच दिया। इस चुनाव में भाजपा को करीब 53 प्रतिशत वोट शेयर मिला है। यह वोट शेयर कांग्रेस और आप का वोट शेयर मिलाकर भी सबसे ज्यादा है। ये जीत इतिहास में दर्ज होगी।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी मुख्यालय से गुजरात की जनता को धन्यवाद करते हुए इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि मैंने गुजरात की जनता से कहा कि नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़े और गुजरात की जनता ने भाजपा को बहुत आशीर्वाद दिया है। उन्होंने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।

मोदी की इमेज में हिमाचल का डेंट
लेकिन इस जीत में हिमाचल ने एक काला धब्बा लगा दिया। हिमाचल प्रदेश में जनता ने ‘रिवाज बदलने की बजाय राज’ बदलने में विश्वास व्यक्त किया। हिमाचल में कांग्रेस ने पांच साल बाद सत्ता में वापसी करते की है। उसने 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा से सत्ता छीन ली है। यह गुजरात की जीत में एक काले धब्बे की तरह है, जब कभी इतिहास लिखा जाएगा, जब गुजरात में भाजपा जीत के साथ ही हिमाचल की हार का जिक्र जरूर होगा। हिमाचल में बेहद कम वोट प्रतिशत के अंतर से भाजपा सत्ता से बाहर हो गई। हिमाचल प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस को 43.90 प्रतिशत वोट मिले, जबकि भाजपा को 43 फीसदी ही मत मिले।

नगर निगम में भी सत्ता से बाहर भाजपा
हिमाचल के साथ-साथ भाजपा दिल्ली नगर निगम में सत्ता से बाहर हो गई है। 15 साल लगातार शासन करने वाली भाजपा को एमसीडी चुनाव में 10 साल पुरानी पार्टी AAP ने सत्ता से बाहर कर दिया। एमसीडी चुनाव में भाजपा को 250 वार्डों में से 104 वार्डों पर ही जीत मिली, जबकि आम आदमी पार्टी को 134 वार्डों पर जीत का परचम लहराया है। कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। भाजपा के लिए राहत की बात है कि उसके वोट प्रतिशत में तीन फीसदी को बढ़ोतरी हुई है और आप के वोट प्रतिशत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News