Heavy Rain Alert: इन राज्यों में 16-17-18-19 नवंबर के दौरान भारी वर्षा की चेतावनी, ठंड और कोहरा बढ़ेगा

punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 08:23 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  जहां उत्तर भारत गलन और शीतलहर की गिरफ्त में है, वहीं देश का दक्षिणी हिस्सा तेज बरसात और तूफानी हालात से जूझ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए साफ कर दिया है कि आने वाले कुछ दिन मौसम और भी करवट ले सकता है। कई राज्यों में ठंड और कोहरा बढ़ेगा, जबकि दक्षिण के तटीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और तेज हवाएँ चुनौती बनने वाली हैं।

उत्तर भारत में पारा शून्य से नीचे, कई इलाके बर्फ की चादर में लिपटे
हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड अपने चरम पर पहुंच चुकी है। लाहौल–स्पीति, मनाली, रुद्रप्रयाग और कई ऊंचे पहाड़ों में तापमान शून्य से काफी नीचे जा चुका है। लगातार हो रही बर्फबारी ने सड़कें जाम कर दी हैं और सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।

जम्मू-कश्मीर में 16 नवंबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादल छाए रहेंगे, साथ ही बारिश और हिमपात का दौर भी शुरू हो सकता है। दिल्ली में सुबह-शाम ठिठुरन के साथ कोहरा छाने लगा है।

 मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में 16 नवंबर तक शीतलहर बनी रहने का अनुमान है। ठंडी हवाएं लगातार तापमान में गिरावट ला सकती हैं।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर जारी रहने के संकेत:

तमिलनाडु: 13 नवंबर और फिर 16 से 18 नवंबर तक तेज बारिश की संभावना।
केरल और माहे: 13 नवंबर के साथ-साथ 17 से 19 नवंबर के बीच भारी बारिश का पूर्वानुमान।
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा: 17 से 19 नवंबर तक भारी वर्षा का अलर्ट।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में पछुआ हवा ने रातों में ठंड का असर कई गुना बढ़ा दिया है। यहां न्यूनतम तापमान अगले 3–4 दिनों में 3 डिग्री तक नीचे जाने की संभावना है। बिहार में सुबह-शाम कोहरा दिखाई देने लगा है। पटना, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिन की धूप सामान्य है, लेकिन रातें तेजी से ठंडी हो चुकी हैं। दिसंबर में पश्चिमी विक्षोभ बढ़ने पर ठंड और बढ़ सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश और चक्रवात का खतरा
-दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में अलर्ट बढ़ा दिया है।
-तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और अंडमान–निकोबार में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना है।
-केरल के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
-बिजली गिरने, तेज हवाओं और समुद्री अशांति की चेतावनी भी दी गई है।
-लक्षद्वीप में तेज बारिश और तूफानी हवाएं जारी रह सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News