Heavy Rain Alert: 17-18-19-20-21 मार्च तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना, IMD ने इन जिलों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 04:12 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं। इसी के साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने 17, 18, 19, 20, 21 मार्च तक कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओले पड़ने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 और 17 मार्च को उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा करीब 20 जिलों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग का कहना है कि इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है, जिससे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 19 मार्च के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है और बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है।
इन जिलों में बारिश और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, संभल, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज शामिल हैं। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, अल्मोड़ा, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।इसके साथ ही कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और बर्फबारी के भी आसार बताए गए हैं।
