Heavy Rain: आग उगलती गर्मी के बीच पश्चिमी विक्षोभ करेगा बड़ा बदलाव, 10 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश, इन जगहों पर चलेगी लू
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 08:14 AM (IST)
नई दिल्ली: अप्रैल महीनें में दो हिस्सों में भारत का मौसम बंटा हुआ दिखाई दे रहा, एक तरफ भयंकर गर्मी दूसरी तरफ भारी बारिश, भीषण गर्मी के बीच 10 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दरअसल, देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों काफी अलग-अलग नजर आ रहा है। एक तरफ जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, वहीं साउथ और पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश से लोगों का जीवन बेहाल हो रखा है।
IMD के अनुसार हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में लू का असर देखने को मिल रहा है। इन क्षेत्रों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। महाराष्ट्र के वर्धा और अकोला जैसे इलाकों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन के सबसे गर्म स्थानों में शामिल हैं। विदर्भ, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी भीषण गर्मी का असर साफ दिख रहा है। हालांकि पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा।
25 अप्रैल तक इन राज्यों के लिए लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 25 अप्रैल तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में लू चलने की संभावना बनी रहेगी। बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
इन राज्यों में भारी बारिश
दूसरी ओर, तमिलनाडु, कर्नाटक, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, जिससे कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
23 अप्रैल से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 23 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 24 से 26 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऊना में तापमान 38.4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि शिमला, सोलन और भुंतर में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की गई। 24 अप्रैल के बाद राज्य में मौसम बदलने की संभावना है, जहां कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार हैं।
