Heavy Rain Alert: कल से 24 फरवरी तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 07:02 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। ठंड के कमजोर पड़ते ही कई राज्यों में बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 20 से 24 फरवरी के बीच कई राज्यों में वर्षा, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। 

6 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 फरवरी के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना है। इन राज्यों में वर्षा के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 23 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में वर्षा के आसार हैं, जबकि 22 से 24 फरवरी के बीच उत्तराखंड में छिटपुट बारिश हो सकती है। 24 फरवरी को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं 23 और 24 फरवरी को ओडिशा में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बढ़ेगा तापमान

आईएमडी के मुताबिक 20 फरवरी को दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ सकता है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद ग्रैप के दूसरे चरण के तहत लागू प्रतिबंध भी हटा दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 18 फरवरी की वर्षा के बाद कई शहरों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिरा, जिससे ठंड का असर फिर महसूस किया गया।
लखनऊ में 20 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार में बढ़ेगी गर्मी

बिहार में आने वाले सप्ताह में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। कई जिलों में पारा 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। पटना में 20 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तराखंड और हिमाचल

उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और चमोली सहित कई जिलों में बारिश हो सकती है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को शिमला, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी और सोलन में वर्षा का अनुमान है। शिमला में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

झारखंड में बदलेगा मौसम

झारखंड में 24 फरवरी को मौसम बिगड़ने की संभावना है। रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, बोकारो और पूर्वी सिंहभूम में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश 

20 फरवरी को मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अनुमान है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, श्योपुर और मुरैना में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

राजस्थान में मौसम

राजस्थान में 20 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि हाल की वर्षा के कारण जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, सीकर, भरतपुर और श्रीगंगानगर में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में बारिश

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शुक्रवार और रविवार को गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। 23 और 24 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। उत्तरी तमिलनाडु के कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है। चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के आसपास तेज हवाएं चलने की आशंका है। समुद्र में उथल-पुथल की संभावना को देखते हुए मछुआरों को अगले आदेश तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News